अल्मोड़ा। नगर से सटी अथरबनी ग्रामसभा क्षेत्र में अवैध खनन का मामला सामने आया है। सूचना पर जिला प्रशासन से राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अवैध रूप से खनन कर रही एक जेसीबी मशीन को जब्त किया गया है। राजस्व विभाग द्वारा मामले में आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
ग्रामसभा अथरबनी में खनन की सूचना पर ग्राम प्रधान विनोद जोशी मौके पर पहुंचे। जहां अवैध रूप से खनन हो रहा था। उन्होंने मामले की सूचना एसडीएम सदर को दी। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार ज्योति धपवाल, नायब तहसीलदार डीएस सलाल, कानूनगो चंद्रशेखर कांडपाल, आरएसआई जगदीश प्रसाद मौके पर पहुंचे।
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने वहां मौजूद जेसीबी ऑपरेटर जलीस अहमद, निवासी स्वार रामपुर, उत्तर प्रदेश से खनन की अनुमति से संबंधित दस्तावेज दिखाने को कहा, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जिस पर जेसीबी संख्या यूके 18 सीए 1502 को जब्त कर कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा कर दिया गया है। इस दौरान पूर्व प्रधान रैखोली हेम भंडारी भी मौजूद रहे।
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि मौके पर गए अधिकारियों द्वारा खनन संबंधित रिपोर्ट उन्हें सौंप दी है। मामले में संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया जा रहा है जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नगर क्षेत्र व आस पास के इलाकों में अवैध खनन के मामले लगातार बढ़ रहे है। इससे पहले भी लोगों की शिकायत पर राजस्व विभाग ने कई जगहों पर अवैध खनन होता पाया था। मानसून काल में जेसीबी संचालन व अवैध खनन के बढ़ते मामलों से अब जिला प्रशासन पर कई सवाल खड़े होने लगे हैं।
पूनाकोट में वन भूमि में अवैध खनन का आरोप
अल्मोड़ा। भैसियाछाना विकासखंड के ग्राम पूनाकोट में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से अवैध खनन किया गया है। इसकी भनक लगने पर वन सरपंच चंपा देवी व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विरोध करने पर सभी अराजक तत्व वहां से भाग गए।
सरपंच प्रतिनिधि गिरीश सिंह पूना का आरोप है कि गांव में देवी मंदिर के पास वन विभाग की भूमि पर अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा था। इस मामले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। जल्द ही ग्रामीणों की सामूहिक बैठक कर मामले में आगे की कार्यवाही के लिए फैसला लिया जाएगा। इस मौके पर जीवन सिंह कार्की, प्रकाश सिंह, संजय सिंह, राजेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, दीवान सिंह, शिवराज सिंह आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News