अल्मोड़ा। जिले में एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। घर के अंदर बेड पर महिला का शव पड़ा मिला। शव से ज्वैलरी भी गायब मिली। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना 14 नवंबर की रात की बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक लमगड़ा थाना क्षेत्र के सांगड़ साहु गांव निवासी 60 वर्षीय गंगा देवी पत्नी मोहन सिंह घर में अकेली रहती थी। उनके पति मोहन सिंह लमगड़ा में रेस्टारेंट संचालित करते हैं। वह कभी कभी घर जाते हैं अधिकांश समय लमगड़ा ही रहते है। गत 14 नवंबर यानि शुक्रवार की सुबह जब मृतका काफी समय तक नहीं उठी तो पड़ोस के लोगों को शक हुआ। पड़ोसियों ने जाकर देखा तो दरवाजे खुले हुए थे और महिला बेड पर मृत अवस्था में पड़ी हुई थी।
पड़ोसियों ने इसकी जानकारी मृतका के पति मोहन सिंह को दी। जिसके बाद मोहन सिंह घर पहुंचे। और दूसरे राज्य में नौकरी कर रहा मृतका का बेटा भी घर पहुंचा। इस घटना की सूचना पुलिस को 16 नवंबर यानि रविवार सुबह प्राप्त हुई। सूचना के बाद लमगड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची। मामला संदिग्ध होने के चलते एसएसपी देवेंद्र पींचा और सीओ गोपाल दत्त जोशी ने भी घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो मृतका के गले में निशान थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला ने गले में गुलोबंद पहना हुआ था जो गायब है। जबकि अन्य ज्वैलरी सुरक्षित है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन मामले को हत्या करार दे रहे हैं।
थाना प्रभारी प्रमोद पाठक ने बताया कि फिलहाल परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं सौंपी गई है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला संदिग्ध होने के चलते पुलिस घटना की हर एंगल से जांच कर रही है।
India Bharat News Latest Online Breaking News