अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के राजेंद्र सिंह राणा (गुड्डू) ने पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग (PGDSC) क्रिकेट कोचिंग की परीक्षा में हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में पहला स्थान हासिल किया है। उन्हें अपनी कड़ी मेहनत व लगन के चलते यह उपलब्धि हासिल कर उत्तराखंड व अपने गृह जनपद अल्मोड़ा का नाम रोशन किया हैं।
मूल रूप से लमगड़ा विकासखंड के ग्राम चौमू व हाल खत्याड़ी निवासी राजेंद्र सिंह राणा को विवि में आठ दिसंबर को हुए प्रथम दीक्षांत समारोह में मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए सम्मानित किया गया। मौजूदा समय में पीजीडीएससी कोर्स देश के प्रतिष्ठित खेल विश्वविद्यालयों में संचालित होता है। इसमें देश भर के टॉप खिलाड़ी व कोच हिस्सा लेते हैं। ऐसे में राणा का हरियाणा स्टेट में अव्वल आना अपने आप में एक कीर्तिमान है। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय पारिवारिक जनों और शुभचिंतकों को दिया है।
राजेंद्र क्रिकेट के शानदार खिलाड़ी हैं। वह अलग-अलग जगहों पर क्रिकेट कोच भी रह चुके हैं। राणा हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोटर्स स्टेडियम में दो साल तक क्रिकेट कोच रहे। इसके साथ ही वह शहर के प्रतिष्ठित एक निजी विद्यालय में क्रिकेट प्रशिक्षक रह चुके हैं। स्कूल की ओर से राणा ने नेशनल टूर्नामेंट खेला है। जबकि कॉलेज की ओर से वह तीन बार अंतर महाविद्यालयी चैंपियन रहे। दो बार नॉर्थ जोन टूर्नामेंट खेल चुके हैं। इसके अलावा वह बॉस्केटबॉल में अंतर महाविद्यलयी चैंपियन रहे चुके हैं।
राणा की इस उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव चौमू में भी हर्ष का माहौल है। उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण अंचलों के उन हजारों बच्चों के लिए मिसाल है, जो आज भी सीमित संसाधनों में बड़े सपने देखते हैं।
India Bharat News Latest Online Breaking News