Breaking News

कलेक्ट्रेट में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, अजय टम्टा ने कहा- सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना सरकार की प्राथमिकता

 

अल्मोड़ा। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री टम्टा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए रोड्स के डिजाइन तथा आवश्यक कार्यों के लिए जरूरी दिशा निर्देश भी जारी किए गए हैं।

बैठक में जिले में घटित सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए उनके कारणों, संवेदनशील स्थलों तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के उपायों पर गंभीर मंथन किया गया। अजय टम्टा ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक अत्यंत संवेदनशील विषय है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही मानव जीवन के लिए घातक सिद्ध हो सकती है।

 

केंद्रीय राज्य मंत्री टम्टा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर वहां त्वरित सुधारात्मक कार्य सुनिश्चित किए जाएं। इसके अंतर्गत साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर, क्रैश बैरियर, स्पीड ब्रेकर, सड़क मार्किंग एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से संबंधित जो भी आगणन बनाए जाते हैं, उन्हें दीर्घकाल के लिए तैयार करें। भारत सरकार राज्य में सड़कों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

 

अजय टम्टा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए जनसहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में जनजागरूकता कार्यक्रमों, स्कूलों एवं कॉलेजों में सड़क सुरक्षा से संबंधित अभियान, कार्यशालाएं तथा जागरूकता रैलियों का आयोजन किए जाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए निर्देशों का शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में एसएसपी देवेंद्र पींचा के साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

उत्तराखंड की राजनीति में बढ़ा युवा चेहरे का कद, कुंदन लटवाल बने दर्जाधारी राज्यमंत्री, कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

अल्मोड़ा: प्रदेश की धामी सरकार ने संगठन में लंबे समय से सक्रिय और ऊर्जावान युवा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *