Breaking News
Oplus_131072

सीएचसी का दर्जा, फिर भी स्वास्थ्य सुविधाएं पीएचसी स्तर की, सीएम को ज्ञापन भेज आंदोलन की दी चेतावनी

 

अल्मोड़ा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा देने की मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप अस्पताल में सीएचसी के मानकानुसार स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पॉलिटेक्निक ताकुला में चार नए ट्रेड खोलने की मांग को लेकर ताकुला क्षेत्र के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ईश्वर सिंह के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा।

 

ज्ञापन में क्षेत्र के 470 ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला को सीएचसी बनाए जाने की जनता द्वारा पिछले दो दशक से की जा रही मांग पर अमल करते हुए सीएम द्वारा पिछले वर्ष एक अगस्त को इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने की घोषणा की थी, लेकिन घोषणा के चार माह बीत जाने के बाद भी धरातल पर कार्य होता नहीं दिखाई दे रहा है।

 

ज्ञापन में आगे कहा कि पूर्व में यहां पीएचसी का उच्चीकरण किए बिना ही सीएचसी का भवन बना दिया गया था, जिसका लोकार्पण चार अगस्त 2010 को तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक द्वारा किया गया। तभी से इस भवन में पी.एच.सी. संचालित होने के बावजूद यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लिख दिया गया था, जो अभी तक बना हुआ था। स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने की मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भवन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिटाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लिख दिया गया है। इससे जनता में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। घोषणा के अनुसार शीघ्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। ऐसा न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।

 

मुख्यमंत्री को भेजे गए एक अन्य ज्ञापन में राजकीय ग्रामीण पॉलिटेक्निक ताकुला में चार नये ट्रेड मैकेनिकल, कंप्यूटर साइंस एवं आईटी, इलेक्ट्रिकल तथा होटल मैनेजमेंट खोलने की मांग की। कहा 1986 में दो ट्रेडों के साथ प्रारंभ किए गए इस कॉलेज में 40 वर्ष बाद भी केवल दो ट्रेड ही संचालित हो रहे हैं।

 

ज्ञापन देने वालों में वन पंचायत संगठन के अध्यक्ष सुंदर सिंह पिलख्वाल, लोक प्रबंध विकास संस्था के ईश्वर जोशी, ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष सुनील बरकोटी, उत्तराखंड क्रांति दल के गोकुल नगर कोटी, मल्ला स्यूनरा विकास मंच के चंदन सिंह बिष्ट, संसाधन पंचायत के किशोर तिवारी, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की किरन आर्या, ग्राम प्रधान अरुण कुमार भोज, शीला आर्या, ज्योति डंगवाल, भावना आर्या, बालम सिंह बिष्ट, भगवत राम, सरपंच बहादुर सिंह मेहता, डूंगर सिंह, पूरन सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।

Check Also

अल्मोड़ा: कमला खत्री ने 97.91 परसेंटाइल के साथ उत्तीर्ण की नेट परीक्षा

अल्मोड़ा: नगर के नृसिंहबाड़ी निवासी कमला खत्री ने संस्कृत विषय में नेट परीक्षा 2026 उत्तीर्ण …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *