Breaking News

अधिकारियों और ग्रामीणों की बैठक में बनी सहमति, बबुरायानायल तक सड़क विस्तार का प्रस्ताव पारित

 

अल्मोड़ा: विकासखंड भैंसियाछाना के अंतर्गत बेलवालगांव में आयोजित खुली बैठक में सड़क निर्माण को लेकर चल रहे विवाद का सर्वसम्मति से निस्तारण कर लिया गया है। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में जमराड़ी बैंड से बेलवालगांव मोटर मार्ग के निर्माण और बबुरियानायल तक इसके विस्तार को लेकर अहम निर्णय लिए गए।

 

बुधवार को प्राथमिक विद्यालय बेलवालगांव में ग्राम पंचायत बेलवालगांव (भनलगांव, कठौजिया) और ग्राम पंचायत बबुरायानायल (बबुरायानायल, कठधारा, गौनाप) के ग्रामीणों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में लोनिवि के सहायक अभियंता और अवर अभियंता विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य मुद्दा जमराड़ी बैंड से बेलवालगांव तक निर्माणाधीन मोटर मार्ग के पहले चरण का कार्य था। ग्रामीणों ने बताया कि रोड कटिंग के बाद करीब 2 किलोमीटर के हिस्से पर विवाद के चलते काम रुका हुआ था। बैठक में गहन विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्तमान स्थिति तक ही सड़क का निर्माण किया जाए, ताकि अधिकतम आबादी को सड़क सुविधा से जोड़ा जा सके।

 

इसके अलावा बैठक में सड़क विस्तार का एक नया प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसमें जमराड़ी बैंड से भनलगांव होते हुए बेलवालगांव तक जाने वाली सड़क को आगे बबुरायानायल तक बढ़ाने की मांग की गई। तय किया गया कि मोटर मार्ग के अंतिम छोर से बबुरियानायल तक नवीन सर्वेक्षण कर प्रस्ताव शासन को भेजा जाए।

 

बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य चंदन सिंह मेहरा, ग्राम प्रधान बबुरियानायल गोपाल सिंह, ग्राम प्रधान बेलवालगांव सुनीता देवी, मनोज सिंह, खड़क सिंह, गोपाल सिंह, नारायण सिंह, गोपाल सिंह, हरक सिंह, मोहन सिंह, महिपाल सिंह जड़ौत, हेमंत मेहरा सहित लोनिवि के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Check Also

राष्ट्रीय हिंदी दिवस पर राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में विभिन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

  अल्मोड़ा: राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी विभाग के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *