Breaking News

नशा नहीं रोजगार दो आंदोलन की 42 वीं वर्षगांठ: स्व नरोत्तम तिवारी की स्मृति में लेखन कार्यशाला का हुआ आयोजन

अल्मोड़ा: नशा नहीं, रोजगार दो जन आंदोलन की 42 वीं वर्षगांठ के अवसर पर चौखुटिया ब्लॉक के नव प्रभात पब्लिक स्कूल, बसभीड़ा में बाल प्रहरी पत्रिका एवं ज्ञान–विज्ञान समिति के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों के लिए एक दिवसीय लेखन कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला स्वर्गीय नरोत्तम तिवारी की स्मृति में आयोजित की गई।

कार्यशाला का शुभारंभ चौखुटिया क्षेत्र के जाने-माने चिकित्सक तथा सामाजिक, पर्यावरणीय और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले डॉ. कुलदीप बिष्ट द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नशा नहीं, रोजगार दो आंदोलन ने समाज को नई दिशा और वैचारिक दृष्टि दी है, जो आज के समय में पहले से भी अधिक प्रासंगिक हो गई है। उन्होंने स्वर्गीय नरोत्तम तिवारी के व्यक्तित्व, उनके सामाजिक योगदान और परिवार के माध्यम से किए गए जनकल्याणकारी कार्यों पर भी प्रकाश डाला।

डॉ. बिष्ट ने कहा कि बाल प्रहरी के संपादक जैसे कर्मठ और कल्पनाशील व्यक्तित्व द्वारा आयोजित यह लेखन कार्यशाला बच्चों के बौद्धिक और रचनात्मक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे क्षेत्र के बच्चों में नई चेतना का संचार होगा।

इस कार्यशाला में बच्चों को बाल कवि सम्मेलन, पत्रिका निर्माण तथा विभिन्न खेलों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से लेखन की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया। नाम लेखन, शब्द लेखन, मेरा परिचय तथा कविता लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पत्रिकाएं उपहार स्वरूप प्रदान की गईं।

कार्यशाला के दौरान उदय किरोला ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कार्यशाला में होने वाले विभिन्न क्रियाकलापों और उनके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस तरह की लेखन कार्यशालाएं उनके द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों में लगातार आयोजित की जा रही हैं।

लेखन कार्यशाला का समापन 1 फरवरी को होगा। इसके साथ ही नशा नहीं, रोजगार दो आंदोलन की 42 वीं वर्षगांठ के अवसर पर बसभीड़ा एवं चौखुटिया क्षेत्र में नशा मुक्ति और रोजगार के सवाल को लेकर विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

Check Also

उत्तराखंड की राजनीति में बढ़ा युवा चेहरे का कद, कुंदन लटवाल बने दर्जाधारी राज्यमंत्री, कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

अल्मोड़ा: प्रदेश की धामी सरकार ने संगठन में लंबे समय से सक्रिय और ऊर्जावान युवा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *