अल्मोड़ा: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत जिले के विकासखंड ताकुला की न्याय पंचायत ग्वालाकोट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कीं। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में प्राप्त अधिकांश शिकायतें पेयजल एवं सड़क से संबंधित रही।
शिविर में कुल 101 शिकायतें प्राप्त हुई। करीब 95 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर के माध्यम से 412 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया, वहीं लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित विविध सामग्री का वितरण भी किया गया। इसके अलावा 420 आवेदन विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत मौके पर ही भरवाए गए, जिससे आमजन को त्वरित सुविधा मिली।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए तथा जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम की भावना के अनुरूप संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य किया जाए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंशुल सिंह मौजूद रहे। उन्होंने आमजन की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कैबिनेट मंत्री को आश्वस्त किया कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता से कराया जाएगा।
शिविर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा जनोपयोगी प्रचार सामग्री का भी वितरण किया गया। ताकि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं जनहित में किये गये कार्यों एवं उपलब्धियों लोग परिचित हो सकें तथा योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में जिपं सदस्य और भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, एसडीएम संजय कुमार समेत क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News
