अल्मोड़ा: नगर निगम पार्षद वैभव पांडे ने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री, कैबिनेट स्तर के नेता एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी लगातार कार्यक्रम और बैठकें कर रहे हैं। नगर निगम सभागार में भी बड़े स्तर के आयोजन हो रहे हैं। मंत्री नियमित रूप से नगर क्षेत्र का दौरा और निरीक्षण कर रहे हैं। बावजूद इसके नगर निगम को अब तक विकास कार्यों के लिए कोई ठोस बजट उपलब्ध नहीं कराया जाना बेहद चिंताजनक है।
प्रेस को जारी एक बयान में पांडे ने कहा कि नगर की सड़कों,सफाई व्यवस्था, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए नगर निगम को पर्याप्त धनराशि की आवश्यकता है। नगर की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।लेकिन मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं द्वारा अपने आला अधिकारियों व सरकार के उच्च स्तर पर नगर निगम के लिए बजट स्वीकृत कराने की कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है जो अल्मोड़ा की जनता के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
पांडे ने कहा मंत्री और वरिष्ठ नेता प्रतिदिन कार्यक्रम कर सकते हैं तो नगर के विकास हेतु आवश्यक बजट दिलाना भी उनकी जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने कहा कि अब चुनाव नजदीक आने के साथ एक बार फिर मुद्दों के नाम पर जनता को भटकाने की कोशिशें होंगी, लेकिन जनता अब केवल कार्यक्रम नहीं बल्कि वास्तविक विकास और बजट चाहती है।
पांडे ने कहा अल्मोड़ा नगर के समग्र विकास के लिए शीघ्र नगर निगम को पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है ताकि नगर की मूलभूत समस्याओं का समाधान हो सके और जनता को राहत मिल सके।
India Bharat News Latest Online Breaking News