अल्मोड़ा: उत्तराखंड में पर्यटन क्षेत्र को सशक्त बनाने तथा स्थानीय युवाओं को रोजगारोन्मुखी अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग उत्तराखंड एवं टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी स्किल काउंसिल (THSC) के सहयोग से विद्या सोसाइटी द्वारा संचालित टूर मैनेजर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्तराखंड शासन के तत्त्वावधान में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में कुशल एवं आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मनोज तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि अल्मोड़ा सहित समूचे उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर पार्षद वैभव पांडेय, चंचल दुर्गापाल एवं दीपक कुमार के साथ ही सीसीआईएस इंस्टीट्यूट के निदेशक भूपेंद्र नाथ गोस्वामी एवं पूर्व प्रधान संजय दुर्गापाल मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उत्तराखंड पर्यटन की अतिरिक्त निदेशक पूनम चंद वर्चुअल माध्यम से जुड़ीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में नई दिशा देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। संचालन कु. हेमा रावत ने किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन CCIS Institute में किया जा रहा है, जहां प्रतिभागियों को टूर मैनेजमेंट से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन अनुभवी ट्रेनर नरेश रावत द्वारा किया जा रहा है, जो प्रतिभागियों को टूर प्लानिंग, संवाद कौशल, पर्यटक प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक विषयों पर प्रशिक्षण देंगे।
आयोजकों के दावा है कि यह पहल जिले में रोजगार सृजन एवं पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
India Bharat News Latest Online Breaking News