अल्मोड़ा: जिला सूचना कार्यालय में बुधवार को पत्रकार संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पत्रकारों की समस्याओं, प्रेस और प्रशासन के बीच समन्वय, जन समस्याओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा सूचना विभाग और प्रेस के बीच समन्वय बढ़ाने जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने सभी पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यक्रम पत्रकारों की समस्याओं से रूबरू होने, प्रेस और प्रशासन के बीच के समन्वय को सुदृढ़ करने तथा सरकार की योजनाओं और नीतियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
कार्यक्रम में कई पत्रकारों ने अपने विचार रखे तथा पत्रकारों के लिए चिकित्सा सुविधाओं का विकास, बीमा योजनाओं का लाभ, पत्रकार कल्याण कोष, प्रेस मान्यता के नियमों में शिथिलीकरण करना, पत्रकार पेंशन के नियमों को व्यावहारिक बनाना तथा पत्रकारों से जुड़ी योजनाओं में जिलाधिकारी तथा जिला सूचना अधिकारी की भूमिका बढ़ाने विषयक मुद्दों पर शासन-प्रशासन से सकारात्मक कार्यवाही की मांग की।
पत्रकारों ने कहा कि शासन द्वारा गठित समिति जिला स्तरीय पत्रकार स्थाई समिति की नियमित बैठकें आयोजित कराई जाए तथा उन बैठकों में पत्रकारों के साथ साथ जनहित से जुड़े मुद्दे भी शामिल किए जाएं।
डीआईओ सिंह ने कहा कि सूचना विभाग पत्रकारों की मांगों एवं समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों और सुझावों को उच्च स्तर पर पहुंचाया जाएगा तथा सकारात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रेस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे। इस दौरान कई पत्रकार व सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News