नैनीताल: नैनीताल जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां मल्लीताल क्षेत्र में जल संस्थान का एक अनियंत्रित ट्रक भीड़ में घुस गया। इस हादसे में दिल्ली से घूमने आईं दो महिला पर्यटक ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
यह पूरी घटना मल्लीताल के पुराने घोड़ा स्टैंड के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जल संस्थान का ट्रक अचानक संतुलन खो बैठा और सबसे पहले एक वैन से टकराया। इस टक्कर के बाद भी ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं पा सका। बेकाबू ट्रक तेजी से सड़क किनारे चल रहे लोगों की तरफ बढ़ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहीं दिल्ली निवासी मां-बेटी ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं। हादसा इतना खौफनाक था कि एक महिला का हाथ और दूसरी का पैर ट्रक के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और स्थानीय सभासद तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल महिलाओं को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल की पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने बताया कि घायलों की पहचान दिल्ली निवासी रितु डांग (42 वर्ष) और उनकी बेटी भारवी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों को बेहद गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए तुरंत हायर सेंटर भेज दिया गया है।
इस हादसे के बाद इलाके में भारी हंगामा खड़ा हो गया। स्थानीय निवासियों और पर्यटकों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने जल संस्थान के वाहनों के रखरखाव और उनके संचालन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक खुद ही कोतवाली पहुंच गया था। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और पीड़ितों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
India Bharat News Latest Online Breaking News