Breaking News
traffic diverted

Kainchi Dham Mela:: अल्मोड़ा पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक डायवर्जन प्लान, 13 से 16 जून तक लागू रहेंगे नियम

अल्मोड़ा: कैंची धाम स्थित सुप्रसिद्ध बाबा नीब करौरी आश्रम के आगामी 15 जून को होने वाले स्थापना दिवस मेले को लेकर प्रशासन, पुलिस और मंदिर समिति ने कमर कस ली है। मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुगम यातायात व्यवस्था के लिए 13 जून से 16 जून तक का ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है।

 

अल्मोड़ा से नैनीताल व हल्द्वानी की ओर जाने वाले हल्के व भारी सवारी और माल वाहनों के लिए रूट में बड़े बदलाव किए गए हैं।

बागेश्वर, गरुड़, सोमेश्वर और अल्मोड़ा से हल्द्वानी जाने वाले सभी हल्के व भारी सवारी, माल वाहन सिकुड़ा बैंड से वाया लमगड़ा होते हुए हल्द्वानी की ओर जाएंगे।

पिथौरागढ़, शेराघाट, बेरीनाग, गंगोलीहाट और दन्या से हल्द्वानी जाने वाले सभी वाहन बाड़ीछीना-सुवाखान तिराहा वाया लमगड़ा मार्ग से हल्द्वानी जाएंगे।

रानीखेत, द्वाराहाट और चौखुटिया रूट से हल्द्वानी जाने वाले सभी हल्के व भारी सवारी, माल वाहन भतरौजखान वाया रामनगर होते हुए हल्द्वानी की ओर आवागमन करेंगे।

 

पुलिस प्रशासन ने जनसामान्य और वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए निर्धारित डायवर्जन प्लान का पूरी तरह पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

 

15 जून को सुबह 6 बजे से बंटेगा महाप्रसाद

मेले की तैयारियों को लेकर मंदिर समिति ने बताया कि 15 जून को सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद महाआरती और बाबा को भोग लगाया जाएगा। सुबह 6 बजे से ही श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद के रूप में प्रसिद्ध मालपुए का वितरण शुरू कर दिया जाएगा, जो दिनभर चलेगा। प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष भी देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा का आशीर्वाद लेने कैंची धाम पहुंचेंगे।

Check Also

जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोचों’ के प्रदर्शन के बीच बड़ी खबर, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के आंदोलन के बीच बड़ी खबर सामने आ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *