Breaking News

अल्मोड़ा में सड़क हादसा, जागेश्वर धाम जा रहे श्रद्धालुओं का वाहन खाई में गिरा

अल्मोड़ा: जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा मैक्स वाहन मंगलवार दोपहर बाड़ेछीना-शेराघाट मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। हादसे में 4 बच्चों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना पहुंचाया गया, जहां से दो महिलाओं को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।

 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, टनकपुर मेले में दुकान लगाने के बाद श्रद्धालु परिवार सहित कैंची धाम और जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए निकले थे। वाहन बाड़ेछीना पहुंचने के बाद चालक भूलवश जागेश्वर मार्ग की बजाय धौलछीना मार्ग पर मुड़ गया।

 

बाड़ेछीना से करीब एक किलोमीटर आगे बाड़ेछीना-शेराघाट मोटर मार्ग पर वाहन संख्या UK-03TA- 0097 अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।

 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर सभी घायलों को खाई से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं पूर्णिमा शुक्ला और दीपाली तिवारी को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

 

घायलों में दिनेश कुमार शुक्ला (62), प्रतिमा शुक्ला (50), पूर्णिमा शुक्ला (24), स्नेहा शुक्ला (23), अमित तिवारी (32), दीपाली तिवारी (25), दिव्यांश तिवारी (5) एवं शिवांश तिवारी (2) सभी निवासी कानपुर, उत्तर प्रदेश, जबकि ममता कौशल एवं मानवी कौशल निवासी अयोध्या, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक शेर सिंह (56) पुत्र गुमान सिंह, निवासी मोहनपुर, जिला चम्पावत भी हादसे में घायल हुए हैं।

स्थानीय लोगों की तत्परता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यात्रियों के अनुसार वे टनकपुर मेले की समाप्ति के बाद परिवार सहित उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए निकले थे, तभी यह हादसा हो गया।

Check Also

बड़ी खबर: उत्तराखंड पुलिस की वर्दी में जंतर-मंतर पहुंचे व्यक्ति का वीडियो वायरल, पुलिस मुख्यालय ने शुरू की जांच

नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे एक धरना-प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड पुलिस की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *