Breaking News
Oplus_131072

ग्राम विकास और उद्यमिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मंत्री भरत सिंह चौधरी

अल्मोड़ा: ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम मंत्री भरत सिंह चौधरी के पहली बार जनपद आगमन पर सर्किट हाउस में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ भेंट एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने की।

कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, महापौर अजय वर्मा, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख लमगड़ा त्रिलोक रावत, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक, दुग्ध संघ अध्यक्ष गिरीश खोलिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल एवं कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके राष्ट्रवादी विचारों एवं देश की एकता और अखंडता के लिए दिए गए बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष नयाल ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में ग्राम विकास से जुड़ी अनेक चुनौतियां हैं, जिनके समाधान की अपेक्षा जनता को है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा ग्राम्य विकास एवं लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भरत सिंह चौधरी को सौंपना दूरदर्शी निर्णय है। उनके नेतृत्व में ग्रामीण विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को नई गति मिलेगी तथा गांवों की मूलभूत समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।

 

दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट ने कहा कि ग्राम्य विकास तथा लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। गांवों का समग्र विकास ही राज्य के विकास का आधार है। सरकार की योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी।

महापौर अजय वर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्रवादी चिंतन और अखंड भारत का संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

 

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि अल्मोड़ा एक समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं बौद्धिक विरासत वाला नगर है और उन्हें इस पवित्र भूमि पर आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि हम उस युग में कार्य कर रहे हैं, जिसमें देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा दूरदर्शी नेतृत्व मिला है और विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता होने का गौरव हमें प्राप्त है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं। कार्यकर्ता का सम्मान और उनका समर्पण ही संगठन की वास्तविक शक्ति है। समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करने का जो जज्बा आज भाजपा के कार्यकर्ताओं में दिखाई देता है, वही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से धैर्य और संयम बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि शून्य से शिखर तक पहुंचने में समय लगता है और संगठन की मजबूती निरंतर परिश्रम से ही संभव है।

 

मंत्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा लिए जा रहे सभी निर्णय जनहित और प्रदेश के समग्र विकास को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं। महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में है और महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि ग्राम्य विकास विभाग के माध्यम से गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है, जबकि लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यमों को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। राज्य सरकार चाहती है कि युवा नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर बीबीजी रामजी योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

 

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट एवं समापन नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने किया। कार्यक्रम के अंत में नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं मंत्री का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम में चंदन लाल टम्टा, रेखा आर्य, नगर अध्यक्ष कमला तिवारी, निशा बिष्ट, दीपिका बिष्ट, भावना पाण्डेय, सौरभ वर्मा , मनीष जोशी, मनोज जोशी, मदन बिष्ट, अर्जुन बिष्ट, आनंद भोज, युवा मोर्चा अध्यक्ष पंकज भाकुनी, नीरज सांगा, चंदन बहुगुणा, आशीष डोगरा, अभिषेक तिवारी, अनिल कनवाल, त्रिलोक राम, आशीष अधिकारी ,ग्राम प्रधान गिरीश चंद्र पांडे,चंद्रशेखर पालीवाल, मोहित बिष्ट, अभिषेक जोशी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Check Also

शिविर बना राजनीतिक अखाड़ा! मंच पर भिड़े विधायक मदन सिंह बिष्ट और BJP नेता अनिल साही

अल्मोड़ा: जिले के द्वाराहाट विकासखंड में मोदी सरकार के 12 साल के उपलक्ष्य में आयोजित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *