अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को कोसी बैराज पहुंचकर जलापूर्ति व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान डीएम ने कोसी बैराज और इंटेक वेल का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और पेयजल आपूर्ति में आ रही अड़चनों का त्वरित निस्तारण कर जलापूर्ति को शत प्रतिशत बहाल करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम में सिल्ट युक्त पानी ही नदी में आता है, इसलिए इसके समाधान के लिए तत्परता से कार्य किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर क्षेत्र व आस पास के ग्रामीण इलाकों के लिए यह बैराज बहुत महत्वपूर्ण है, इसके रखरखाव और संचालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिशाषी अभियंता जल संस्थान नीरज तिवारी ने डीएम को बताया कि पहली बरसात के बाद आने वाले पानी में अवसादों की मात्रा अधिक हो जाने के कारण जलापूर्ति में व्यवधान उत्पन्न हो जाता है। इसके समाधान के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। पंप संचालन में आने वाली दिक्कतों के दौरान रोस्टर बनाकर जलापूर्ति की जाती है तथा पंप आदि की मरम्मत एवं उसको जल्द ठीक करने के प्रयास किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी प्रकार की समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए विभाग तत्परता से कार्यों में जुटा हुआ है।
यहां अधिशाषी अभियंता सिंचाई मोहन सिंह रावत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News