Breaking News
Oplus_131072

अल्मोड़ा: केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा को प्राथमिक शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन, TET अनिवार्यता समाप्त करने व OPS बहाली की मांग

​अल्मोड़ा: उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष किशोर जोशी के नेतृत्व में सर्किट हाउस में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों ने केंद्रीय राज्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, सेवारत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता समाप्त करने और गृह जनपद में स्थानांतरण के अवसर प्रदान करने जैसी महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।

 

ज्ञापन में संघ ने जोर देकर कहा कि शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम लागू होने से पहले विधिवत चयन प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्त किए गए शिक्षकों ने दशकों तक बिना किसी शर्त के बेहद दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाई है। उनकी योग्यता और समर्पण पूरी तरह प्रमाणित है, ऐसे में बाद में लागू किए गए प्रावधानों के आधार पर उन पर TET की अनिवार्यता थोपना प्राकृतिक न्याय, संवैधानिक समता और उनके अर्जित सेवा अधिकारों का हनन है।

 

संघ ने मांग की कि, मंत्रालय द्वारा आवश्यक विधायी संशोधन कर RTE अधिनियम, 2009 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को वैधानिक संरक्षण देते हुए इस अनिवार्यता से स्थायी मुक्ति प्रदान की जाए।

 

​पुरानी पेंशन योजना का मुद्दा उठाते हुए प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वर्तमान NPS और UPS व्यवस्था शिक्षकों व कर्मचारियों को वह सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा प्रदान नहीं करती जो पुरानी पेंशन योजना (OPS) से मिलती थी। इससे कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है।

 

इसके साथ ही, शिक्षकों के गृह जनपद स्थानांतरण की मांग को लेकर कहा गया कि विगत कई वर्षों से प्रारंभिक शिक्षा में अपने मूल जनपद से बाहर कार्यरत शिक्षकों को गृह जनपद जाने का कोई अवसर नहीं मिला है, जिससे वे पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं। अतः उन्हें सेवाकाल में कम से कम एक बार संवर्ग परिवर्तन का अवसर मिलना चाहिए।

 

जिला अध्यक्ष किशोर जोशी ने बताया कि केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने शिक्षकों की इन सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि वे TET की अनिवार्यता समाप्त करने तथा OPS की बहाली से जुड़े विषयों पर जल्द ही भारत सरकार के शिक्षा मंत्री से चर्चा करेंगे, वहीं स्थानांतरण से संबंधित मामले के समाधान के लिए मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे।

 

​इस दौरान जिला मंत्री जगदीश भंडारी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कांडपाल, जिला संरक्षक मनोज बिष्ट, पूर्व प्रांतीय संगठन मंत्री प्रकाश जोशी सहित विभिन्न विकासखंडों से आए पदाधिकारी जिसमें हंसादत्त शर्मा, भुवन सिराडी, बलवीर बिष्ट, नवीन जोशी, जगदीश बिष्ट, डॉ. मोहन पांडे, सोहनवीर, राकेश बिष्ट और दिनेश भंडारी आदि मौजूद रहे।

Check Also

Breaking news

School closed: उत्तराखंड के इन 2 जिलों में कल बंद रहेंगे स्कूल, छुट्टी का आदेश जारी

पौड़ी/नैनीताल: उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार तेज होते ही आफत की बारिश शुरू हो गई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *