अल्मोड़ा: पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आन्दोलन (NMOPS) जिला इकाई द्वारा शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारियों की प्रमुख मांग पुरानी पेंशन बहाली को लेकर आगामी 9 अगस्त को चौघानपाटा गांधी पार्क में सामूहिक उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10:30 से अपराह्न 1:30 बजे तक आयोजित होगा।
NMOPS के जिलाध्यक्ष गणेश भण्डारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में सभी राजनीतिक दलों के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक, संभावित विधायक प्रत्याशी, दायित्वधारी एवं अधिकृत प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है। संगठन का उद्देश्य राजनीतिक दलों के समक्ष शिक्षक-कर्मचारी वर्ग का पक्ष रखने के साथ-साथ पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर उनके स्पष्ट राजनीतिक एवं व्यक्तिगत रुख को जानना है।
संगठन की ओर से राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम में स्वयं अथवा अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से उपस्थित होकर शिक्षक-कर्मचारी प्रतिनिधियों का पक्ष सुनने, पुरानी पेंशन बहाली संबंधी ज्ञापन स्वीकार करने तथा इस मांग को विधानसभा, संसद एवं सरकार के समक्ष उठाने में सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया गया है।
NMOPS का कहना है कि पुरानी पेंशन का विषय केवल सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले आर्थिक लाभ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा से भी जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। संगठन ने वर्तमान NPS/UPS व्यवस्था को लेकर शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग में व्याप्त व्यावहारिक एवं सामाजिक सुरक्षा संबंधी चिंताओं को भी जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखने की बात कही है।
संगठन ने स्पष्ट किया कि NMOPS किसी राजनीतिक दल के पक्ष अथवा विपक्ष में खड़ा नहीं है। संगठन का उद्देश्य सभी राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर शिक्षक-कर्मचारी वर्ग का पक्ष रखना और इस विषय पर उनका मत जानना है।
NMOPS ने जनप्रतिनिधियों से 9 अगस्त को चौघानपाटा पहुंचकर ज्ञापन स्वीकार करने तथा संगठन का पक्ष सुनने के लिए समय देने का अनुरोध किया है। संगठन का मानना है कि जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर शिक्षक-कर्मचारी वर्ग और राजनीतिक नेतृत्व के बीच लोकतांत्रिक संवाद को मजबूती मिलेगी।
India Bharat News Latest Online Breaking News