Breaking News

जर्जर भवन से बाहर आए GIC लोधिया के बच्चे, एफसीआई में लगीं कक्षाएं, प्रशासन के त्वरित फैसले से मिली राहत

-नया भवन बनने तक एफसीआई में संचालित होगा शिक्षण कार्य
-अभिभावकों ने प्रशासन के निर्णय की प्रशंसा कर जताया आभार

 

अल्मोड़ा: जर्जर भवन में पढ़ाई कर रहे राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया के विद्यार्थियों को अब जान जोखिम में डालकर कक्षाओं में नहीं बैठना पड़ेगा। विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने विद्यालय की कक्षाओं को अस्थायी रूप से नजदीकी फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट (एफसीआई) भवन में संचालित करने का निर्णय लिया है। अभिभावकों ने इस निर्णय की प्रशंसा करते हुए प्रशासन का आभार जताया है।

 

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अंशुल सिंह के आदेश के बाद विद्यालय की कक्षा छह से 12 वीं तक की सभी कक्षाएं एफसीआई भवन में शिफ्ट कर दी गई हैं। प्रशासन के इस त्वरित निर्णय से लंबे समय से विद्यालय के जर्जर भवन को लेकर चिंतित अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है। खासकर बारिश के दौरान भवन की स्थिति को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। ऐसे में वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में सुरक्षित भवन उपलब्ध कराना प्रशासन का महत्वपूर्ण और व्यावहारिक कदम माना जा रहा है।

 

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अपने आदेश में कहा है कि जीआईसी लोधिया का भवन काफी क्षतिग्रस्त और जर्जर स्थिति में है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए ऐसे भवन में शिक्षण कार्य संचालित किया जाना उचित नहीं है। वैकल्पिक भवन की तत्काल आवश्यकता को देखते हुए प्रशासन ने पास स्थित एफसीआई भवन को शिक्षण कार्य के लिए अधिग्रहित किया है।

 

डीएम ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 33, 34 एवं 65(1)(ई) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी को अधिग्रहित भवन एवं परिसर का उपयोग केवल शैक्षणिक कार्यों और गतिविधियों के लिए करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा और संपत्ति के रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

 

आदेश मिलते ही शिक्षा विभाग ने शुरू की कार्यवाही

जिलाधिकारी के आदेश के बाद शिक्षा विभाग ने भी तेजी दिखाते हुए गुरुवार को ही विद्यालय की सभी कक्षाओं को एफसीआई भवन में स्थानांतरित कर दिया। कक्षाएं शिफ्ट होने के साथ ही वहां पठन-पाठन भी शुरू हो गया। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित होने से बच गई।

प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता और खंड शिक्षा अधिकारी हरीश रौतेला ने एफसीआई भवन पहुंचकर शिक्षण कार्य के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रधानाचार्य और शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

 

अभिभावकों ने जताया आभार, अब नए भवन की उम्मीद

विद्यालय के जर्जर भवन को लेकर अभिभावक लंबे समय से चिंतित थे। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के बावजूद स्थायी समाधान का इंतजार बना हुआ था। फिलहाल अस्थायी रूप से ही सही, लेकिन सुरक्षित भवन में कक्षाएं शुरू होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

अभिभावकों ने जिलाधिकारी के त्वरित निर्णय की सराहना करते हुए आभार जताया। उनका कहना है कि प्रशासन ने समय रहते कदम उठाकर बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी गंभीरता के साथ विद्यालय के नए भवन के निर्माण की दिशा में भी जल्द ठोस कार्यवाही होगी, ताकि विद्यार्थियों को स्थायी रूप से सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

 

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और उनकी कक्षाएं निर्बाध रूप से संचालित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के जर्जर भवनों को हटाकर नियमानुसार नया भवन तैयार करने के लिए प्रशासन स्तर से लगातार प्रयास जारी हैं।

फिलहाल एफसीआई भवन में कक्षाएं शुरू होने से जीआईसी लोधिया के विद्यार्थियों को जर्जर भवन से राहत मिल गई है। अब अभिभावकों, शिक्षकों और छात्र छात्राओं की निगाहें विद्यालय के स्थायी नए भवन के निर्माण पर हैं।

 

Check Also

मिनी स्टेडियम दौलाघाट में न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ

अल्मोड़ा: मिनी स्टेडियम दौलाघाट में न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *