Breaking News

जिला चिकित्सालय में एक हफ्ते में फिजिशियन की नियुक्ति नहीं हुई तो होगा आंदोलन, UKD ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

अल्मोड़ा: जिला चिकित्सालय में फिजिशियन चिकित्सक की नियुक्ति की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल की युवा इकाई द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया है। एक सप्ताह के भीतर फिजिशियन की नियुक्ति नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

 

ज्ञापन में कहा गया कि जिला चिकित्सालय में तैनात फिजिशियन का अन्यत्र स्थानांतरण कर दिया गया है। उनके स्थान पर दूसरे फिजिशियन की नियुक्ति की जानी थी, बावजूद अभी तक नए चिकित्सक की तैनाती नहीं हो पाई है। इसका सीधा असर जिला चिकित्सालय पहुंचने वाले मरीजों पर पड़ रहा है और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श के लिए परेशान होना पड़ रहा है। जिला चिकित्सालय में रोजाना 200 से अधिक मरीजो की OPD होती है।

 

उत्तराखंड क्रांति दल के विनय किरौला ने कहा कि अल्मोड़ा जैसे बड़े और महत्वपूर्ण पर्वतीय जिले के जिला चिकित्सालय में फिजिशियन का पद खाली रहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह केवल नगर की स्वास्थ्य व्यवस्था का विषय नहीं है, बल्कि पूरे जिले और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है।

 

ज्ञापन में कहा कि जिले की कुल जनसंख्या से अधिकांश लोग नगर क्षेत्र में निवास करते हैं। ऐसे में जिला मुख्यालय स्थित चिकित्सालय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से लोग विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा की उम्मीद लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचते हैं। ऐसी स्थिति में महत्वपूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सक का पद रिक्त रहना मरीजों के लिए बड़ी समस्या बन सकता है।

 

केंद्रीय मंत्री UKD गिरीश नाथ गोस्वामी ने कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का यह रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है। स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की तैनाती तत्काल होनी चाहिए, ताकि दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा मिल सके।

UKD ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के समक्ष स्पष्ट रूप से मांग रखी कि जिला चिकित्सालय में रिक्त फिजिशियन पद पर सात दिन के भीतर चिकित्सक की तैनाती सुनिश्चित की जाए। यूकेडी ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर फिजिशियन की नियुक्ति नहीं की गई तो दल द्वारा जनहित में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

 

ज्ञापन सौंपने वालो में उत्तराखंड क्रांति दल युवा प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष वंश कनवाल, प्रताप सिंह बिष्ट, अक्षय टम्टा, त्रिभुवन सिंह बिष्ट, महेंद्र कुमार, मोहित साह, सुजीत टम्टा आदि मौजूद रहे।

Check Also

अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर गांधी पार्क में श्रद्धांजलि सभा, न्याय के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प

अल्मोड़ा: अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर गांधी पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *