अल्मोड़ा: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय किशोरी लाल वर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर ‘विरासत हमर परिवार’ की ओर से उनके आवास पर पहुंचकर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा दीप प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। साथ ही उनके पुत्र भुवन वर्मा का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया और मिष्ठान भेंट कर राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष, त्याग और अनेक आंदोलनकारियों के बलिदान का परिणाम है। स्वर्गीय किशोरी लाल वर्मा ने राज्य आंदोलन के दौरान अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया और आंदोलन के समर्थन में जेल की यातनाएं भी सहीं। ऐसे आंदोलनकारियों के संघर्ष और समर्पण को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज पृथक उत्तराखंड राज्य के रूप में हमारी पहचान उन्हीं के संघर्षों की देन है।
स्व. किशोरी लाल वर्मा के सुपुत्र भुवन वर्मा ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उन आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का दिन भी है, जिन्होंने उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने युवा पीढ़ी से अपील की कि वह राज्य आंदोलन के इतिहास को जाने, आंदोलनकारियों के योगदान को समझे और उनके संघर्षों को अपनी स्मृतियों में जीवित रखे। उन्होंने कहा कि जिस राज्य की पहचान और अस्तित्व के लिए हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया, उसकी संस्कृति, परंपराओं और अस्मिता को सुरक्षित रखना आज के युवाओं की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर ‘विरासत हमर परिवार’ के संयोजक राजीव गुरुरानी ने कहा कि उनके पिता स्व. मोहन चंद्र गुरुरानी भी राज्य आंदोलनकारी रहे हैं। ऐसे में राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और उनके परिवारों की भावनाओं से उनका गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को उचित सम्मान मिलना चाहिए। उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए राज्य सरकार से मांग की गई कि प्रमुख राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर प्रदेश के महत्वपूर्ण संस्थानों, सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों का नामकरण किया जाए, जिससे आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान और संघर्ष से प्रेरणा ले सकें।
इस अवसर पर राज्य सरकार से यह भी आग्रह किया गया कि राज्य आंदोलनकारियों के आश्रितों की लंबित पेंशन एवं एरियर का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि लंबे समय से अपने अधिकारों की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों को राहत मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, प्रदेश की उन्नति, खुशहाली और सर्वांगीण विकास की कामना की गई।
इस कार्यक्रम में विरासत हमर परिवार के संयोजक राजीव गुरुरानी के अलावा राजेंद्र मेहता, ईश्वर उद्या, कृष्णा तिलारा, हेमंत रावत, जितेंद्र बिष्ट आदि लोग मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News







