अल्मोड़ा। दुग्ध संध अध्यक्ष गिरीश खोलिया ने कहा कि जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने और बेहतर मार्केटिंग के प्रयास किए जा रहे है। दुग्ध ब्रांड आंचल की स्थिति को सुधारने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व दुग्ध मंत्री सौरभ बहुगुणा के प्रयास से दुग्ध संघ को रिवॉल्विंग फंड में 1.27 करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई है। जिससे दीपावली से पहले सभी दुग्ध उत्पादकों को दुग्ध मुल्य के बकाये का भुगतान किया जाएगा।
शनिवार को दुग्ध संघ कार्यालय पातालदेवी में आयोजित पत्रकार वार्ता में गिरीश खोलिया ने कहा कि संस्था में उनके प्रभार लेने से पहले कर्मचारियों, दुग्ध उत्पादकों व ट्रांसपोर्टरों को भुगतान नहीं हो पा रहा था। उन्होंने सीएम व दुग्ध मंत्री से रिवॉल्विंग फंड की मांग की थी। मांग को स्वीकार कर लिया गया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री व दुग्ध मंत्री का आभार जताया।
अध्यक्ष खोलिया ने दावा करते हुए कहा कि रिवॉल्विंग फंड मिलने से दुग्ध मूल्य समेत सभी भुगतान समय से हो सकेंगे। कहा कि उनका प्रयास है कि दीपावली से पहले सितंबर 2024 तक का दुग्ध मुल्य भुगतान दुग्ध समिति के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों के खातों में कर दिया जायेगा। जबकि सितंबर 2024 तक 70 लाख रुपया दुग्ध मुल्य प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अल्मोड़ा में 256 व बागेश्वर में 64 दुग्ध समितियों कार्यरत हैं। जिसमें 20 दुग्ध समितियों में बोनस वितरण किया जा चुका हैं। और करीब 80 दुग्ध समितियों में बोनस बांटा जाना है।
प्रेस वार्ता में संस्था के प्रधान प्रबंधक गंगा शरण राणा मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News