Breaking News

72 घंटे बाद खुला अल्मोड़ा-क्वारब नेशनल हाईवे, खतरा अब भी बरकरार, पढ़ें पूरी खबर    

अल्मोड़ा। पिछले तीन दिन से बंद अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग 72 घंटे बाद यातायात के लिए सुचारू हो गया है। लेकिन क्वारब डेंजर जोन के पास पहाड़ी से मलबा व पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। जिससे इस मार्ग में आवाजाही अब भी जोखिम भरी बनी हुई है। उधर, प्रशासन ने अब 25 नवंबर तक इस मार्ग को रात्रि में वाहनों की आवाजाही के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। मार्ग में रात नौ से सुबह छह बजे तक आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य सभी तरह के वाहनों का संचालन बंद रहेगा।

सहायक अभियंता एनएच गिरीश पांडे ने बताया कि मंगलवार को सुबह नौ बजे हाईव खोल दिया गया था। लेकिन कुछ देर बाद फिर से मलबा गिर गया। बाद में मलबा हटाकर बड़े व छोटे वाहनों के लिए मार्ग को सुचारू करा दिया गया। लेकिन दिनभर में करीब चार से पांच बार पहाड़ी से सड़क पर मलबा गिरा। ऐसे में यह मार्ग यात्रियों के लिए अब भी पूरी तरह जोखिमभरा बना हुआ है। लेकिन यात्री व वाहन चालक मजबूरी में डेंजर जोन से यात्रा करने को विवश है।

अल्मोड़ा हाईवे का वैकल्पिक मार्ग तलाशे अधिकारी: टम्टा    

अल्मोड़ा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने मंगलवार को दोबारा अधिकारियों के साथ क्वारब प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। डेंजर जोन के ट्रीटमेंट के दौरान यात्रियों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने के लिए विकल्प की तलाश की गई। टम्टा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को हाईवे के लिए जल्द से जल्द वैकल्पिक मार्ग की संभावनाएं तलाशे जाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा वैकल्पिक मार्ग की स्वीकृति दे दी गई है। इसी क्रम में वैकल्पिक मार्ग के लिए संभावनाएं तलाशी गई। यहां एसडीएम सदर जयवर्धन शर्मा, एनएच खंड रानीखेत के ईई महेंद्र कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हाईवे की समस्या का समाधान न होना दुर्भाग्यपूर्ण: सती

अल्मोड़ा। पूर्व दर्जा राज्य मंत्री केवल सती ने कहा कि सरकार व जनप्रतिनिधियों के लिए केदारनाथ का चुनाव महत्वपूर्ण है लेकिन जनता की समस्याओं से उनका कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि क्वारब पुल के पास जिस तरह की स्थिति बनी है वहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लेकिन जनता की सुध लेने वाला कोई नहीं है। सरकार व प्रशासन समस्या को कोई हल नहीं निकाल पाए है। उन्होंने कहा कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जनता को सड़कों पर उतरना पड़ेगा।

Check Also

हिंदू सेवा समिति की बैठक, नव संवत्सर कार्यक्रम की रूपरेखा तय, यात्रा को भव्य बनाने की तैयारी

अल्मोड़ा: नव संवत्सर के आयोजन को लेकर रविवार को हिंदू सेवा समिति द्वारा बैठक आहूत …