अल्मोड़ा। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में उत्तराखंड के शटलरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक और एक रजत पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया है। बालकों के एकल वर्ग में देहरादून के अंश नेगी ने स्वर्ण पदक और पिथौरागढ़ के निश्चल चंद ने रजत पदक जीता तथा गर्ल्स युगल में अल्मोड़ा की बहनों की जोड़ी मनसा और गायत्री रावत ने स्वर्ण पदक जीता है।
बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने जानकारी देते हुए बताया कि बिहार के भागलपुर में दस से तेरह मई तक आयोजित हुई इस प्रतियोगिता में अंश नेगी तथा निश्चल चंद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल के कड़े मुकाबले में अंश नेगी ने निश्चल चंद को 21-10, 17-21 तथा 21-16 से पराजित कर स्वर्ण पदक विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया और निश्चल चंद को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
मनसा रावत और गायत्री रावत ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। जहां उन्होंने तमिलनाडु की अनन्या अरुण और अंजना मनिकंदन की जोड़ी को 23-21, 21-13 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
पदक प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ी वर्तमान में प्रकाश पादुकोण एकेडमी में कोच डीके सेन व लोकेश नेगी के निर्देशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस उपलब्धि पर उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक सहित उत्तराखंड बैडमिंटन परिवार और कई खेल प्रेमियों ने हर्ष जताते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
India Bharat News Latest Online Breaking News