Breaking News
Oplus_131072

Almora: अस्पताल मरीजों को लिखी जा रही बाहर की दवाईयों का रखेंगे रिकॉर्ड, डीएम ने CMO को दिए निर्देश

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में जिला एवं महिला अस्पताल की चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक जिला अस्पताल में आयोजित हुई। बैठक में अस्पताल के बेहतर प्रबंधन एवं लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने हेतु विभिन्न मुद्दों पर चर्चा तथा कई प्रस्तावों पर सहमति बनी।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के व्यय को लेकर भी चर्चा हुई। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि सभी अस्पतालों में यह व्यवस्था बनाई जाए कि डॉक्टर यदि मरीजों को बाहर से दवाई लेने के लिए लिखते हैं, तो उसका रिकॉर्ड अस्पताल में अनिवार्य रूप से रहे, जिससे मरीजों की शिकायत का संज्ञान लेकर बाहर से दवाई लिखने के कारण की जांच की जा सके। डॉक्टर जिस पर्चे पर दवाई लिखते हैं, उसके नीचे कार्बन कॉपी रखी जाए, जिससे दवाई लिखने का रिकॉर्ड रखा जा सके।

जिला अस्पताल में एक और लिफ्ट लगाने के प्रस्ताव पर प्रबंधन समिति में सहमति बनी। डीएम ने कहा कि अनुमोदित बजट का उपयोग मितव्ययता के साथ किया जाए तथा आवश्यक उपकरण एवं सेवाओं में ही धनराशि को व्यय किया जाए। डीएम ने कहा कि वर्तमान में जो व्यवस्थाएं अस्पताल में लागू हैं, उन्हें सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता है।

उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में साफ सफाई की समुचित व्यवस्था बनाई जाए। मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन उपकरणों एवं सामग्री की आवश्यकता हैं, उन्हें नियमानुसार क्रय कर लिया जाए तथा खरीद में सभी नियमों का पालन किया जाए एवं गुणवत्तायुक्त सामग्री ही खरीदी जाए।

पीएमएस को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उनके हित में जो भी आवश्यक है, उसकी व्यवस्था की जाए।

बैठक में सीएमओ डॉ. नवीन चंद्र तिवारी, पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी, सदस्य किशन गुरुरानी, मुख्य कोषाधिकारी पूजा नेगी आदि मौजूद रहे।

Check Also

बड़ी खबर: उत्तराखंड पुलिस की वर्दी में जंतर-मंतर पहुंचे व्यक्ति का वीडियो वायरल, पुलिस मुख्यालय ने शुरू की जांच

नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे एक धरना-प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड पुलिस की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *