अल्मोड़ा। मतदान खत्म होते ही प्रत्याशी व उनके समर्थक जीत-हार की गणित बैठाने में जुट गए है। प्रत्याशी मतदाता सूची से अंदाजा लगा रहे है कि कितने वोट उन्हें मिलेंगे और कौन उनकी जीत की राह में रोड़ा बन सकता है।
मतदान के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतर जगहों पर लोगों के बीच जीत-हार की चर्चा हो रही है। सबकी नजरें अब 31 जुलाई को होने वाली मतगणना पर टिकी हुई है। पहले चरण में जिले के छह विकासखंडों के 4942 सीटों के लिए चुनाव हुआ जिसमें 1956 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे थे।
ग्राम प्रधान के 580 पदों पर 1234 और बीडीसी मेंबर के 211 सीटों पर 608 प्रत्याशी तथा जिपं सदस्य की 23 सीटों पर 78 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। 170811 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। भैसियाछाना ब्लॉक में पहले चरण के चुनाव में 59 बूथों पर मतदान हुआ। जिसमें 53 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 42 ग्राम प्रधान पदों के लिए 111 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा। क्षेत्र पंचायत की 21 में से 18 सीटों के लिए 49 प्रत्याशियों ने तथा जिला पंचायत की दो सीटों के लिए पांच प्रत्याशियों का भाग्य मत पेटियों में बंद हो गया है।
60.19 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मतदान
अल्मोड़ा। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में 60.19 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। गांव की सरकार चुनने के लिए लोगों ने काफी उत्साह दिखाया। कुल 283789 मतदाताओं में से 170811 मतदाताओं ने वोट किया। गत बृहस्पतिवार को शाम पांच बजे तक 56.57 फीसदी मतदान हुआ था। हालांकि, कई पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारे लगी रही जहां देर शाम तक मतदान जारी रहा। देर रात तक मतदान की फाइनल रिपोर्ट आई। करीब तीन प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने शाम पांच बजे बाद अपने मताधिकार का प्रयोग किया। छह ब्लाकों में हुए मतदान में सबसे अधिक लमगड़ा ब्लाक में 62.31 प्रतिशत और सबसे कम चौखुटिया में 57.24 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट किया। जबकि ताड़ीखेत ब्लाक में 60.62, धौलादेवी में 60.59, ताकुला ब्लाक में 58.91 प्रतिशत और भैसियाछाना में 60.92 प्रतिशत मतदान हुआ।
देर रात तक जमा होते रहे बैलेट बॉक्स
अल्मोड़ा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान बृहस्पतिवार को संपन्न हो गया है। शाम से ही बैलट बॉक्स के साथ पोलिंग पार्टियों की वापसी का सिलसिला शुरू हो गया। दूरस्थ बूथों की पोलिंग पार्टियां देर रात तक विकासखंड मुख्यालयों में पहुंची। भैसियाछाना ब्लाक में रात दो बजे तक पोलिंग पार्टियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। रिटर्निंग ऑफिसर की मौजूदगी में सभी बैलट बॉक्स को स्ट्रांग रूम में रखकर उसे सील किया गया। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। मतगणना तक स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए सीसीटीवी लगाए गये है। ब्लाक के कांचुला बूथ पर रात आठ बजे तक मतदान हुआ। जिस कारण पोलिंग टीम को ब्लॉक मुख्यालय पहुंचने तक काफी देर हो गई। नजदीकी बूथ पर तैनात पोलिंग पार्टियों सबसे पहले ब्लॉक मुख्यालय पहुंची। बैलट बॉक्स जमा करने के साथ दो बज गए थे।
India Bharat News Latest Online Breaking News