-फायर फाइटर्स और महिला समूहों से किया सीधा संवाद
अल्मोड़ा: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के स्पेशल मॉनिटर (पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन एवं मानवाधिकार) विद्या कुमार भूषण 20 व 21 अप्रैल को दो दिवसीय जिले के भ्रमण पर रहे। इस दौरान वनाग्नि नियंत्रण, मानव-वन्यजीव संघर्ष और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा की।
भ्रमण के दौरान उन्होंने डीनापानी वन विश्राम गृह में जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह और अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र मौजूद रहे।
इस अवसर पर स्पेशल मॉनिटर भूषण ने वन पंचायतों के सुदृढ़ीकरण पर बल देते हुए सभी वन पंचायतों में जल्द सरपंचों के चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस दौरान विद्या कुमार भूषण ने धरातल पर काम कर रहे कर्मियों और समुदायों से भी सीधा संवाद किया।
उन्होंने फायर फाइटर्स और पिरूल एकत्रीकरण में जुटी महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से मुलाकात कर उनके कार्यों की जानकारी ली और उनकी समस्याओं को सुना। इसके साथ ही उन्होंने बिनसर वन्य जीव विहार स्थित मॉडल क्रू स्टेशन का निरीक्षण किया और वनाग्नि प्रबंधन में उपयोग होने वाले उपकरणों की कार्यक्षमता को परखा। यहां वन क्षेत्राधिकारी मनोज सनवाल समेत अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।
विशेष रूप से संवेदनशीलता दिखाते हुए स्पेशल मॉनिटर ने 13 जून 2024 को हुए बिनसर अग्निकांड के प्रभावितों से मुलाकात की। उन्होंने घायल भगवत सिंह भोज व कैलाश भट्ट के साथ ही मृतक पीआरडी जवान के पुत्र गणेश मेहरा से भेंट कर उनका हाल-चाल जाना।
उन्होंने पीड़ित परिवारों को प्रदेश सरकार और विभाग की ओर से अब तक मिली सहायता की समीक्षा की और भविष्य में भी हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। अपने भ्रमण के दूसरे दिन उन्होंने विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
India Bharat News Latest Online Breaking News