Breaking News

एक शिकायत और DM का तत्काल एक्शन: बच्चे से खुद सिगरेट खरीदवाकर पकड़ा नियमों का उल्लंघन करने वाला दुकानदार

अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह शुक्रवार को एक अलग ही तेवर में नजर आए। उन्होंने न केवल नशे के खिलाफ सख्त संदेश दिया, बल्कि खुद एक ऑपरेशन को अंजाम देते हुए नाबालिग बच्चों को सिगरेट बेचने वाले दुकानदार को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी अंशुल सिंह डायट मैदान का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने उन्हें शिकायत की कि मैदान के आसपास कुछ लोग नशा करते हैं। इसी बीच डीएम को सूचना मिली कि पास ही में कुछ कम उम्र के बच्चे भी सिगरेट पी रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को रोककर उनसे पूछताछ की।

 

पूछताछ में बच्चों ने सिगरेट खरीदने के स्थान की जानकारी दी, जिसके बाद जिलाधिकारी बच्चों को अपने वाहन में बैठाकर शिखर होटल के पास स्थित दुकान तक पहुंचे। जिलाधिकारी ने एक बच्चे को दुकान से सिगरेट खरीदने के लिए भेजा। जैसे ही बच्चे ने दुकान से सिगरेट खरीदी, जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकानदार को अपने सामने पकड़ लिया तथा नाबालिग बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचने पर कड़ी फटकार लगाई।

 

मौके पर पुलिस को बुलाकर आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी व्यापारी यह सुनिश्चित करें कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पाद न बेचे जाएं।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि चाहे दुकानदार हों या आम नागरिक, सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि बच्चों को नशे की सामग्री से दूर रखा जाए। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि इस प्रकार के मामलों की जानकारी तत्काल पुलिस और प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Check Also

अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में कार्यरत प्रो. पंत बने उत्तराखंड चिकित्सा विवि के पहले डीन

अल्मोड़ा: प्रो महेंद्र कुमार पंत को हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के डीन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *