अल्मोड़ा: प्रसिद्ध नृत्य सम्राट उदय शंकर की स्मृति एवं उनकी कलात्मक विरासत को समर्पित सात दिवसीय रंगमंच एवं फिल्म निर्माण कार्यशाला का आगाज हो गया है। उदय शंकर नाट्य अकादमी में जारी इस कार्यशाला का उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को रंगमंच और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ उदय शंकर की ऐतिहासिक अकादमी को एक जीवंत सांस्कृतिक एवं कलात्मक केंद्र के रूप में सक्रिय करने की दिशा में पहल करना है।
पं. गोविंद बल्लभ पंत राजकीय संग्रहालय, संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस मौके पर संग्रहालय की निदेशक जयन्ती खाती, वरिष्ठ अभिनेता एवं दून विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर कैलाश कांडवाल, एनएसडी के पूर्व छात्र शुभम शर्मा, अभिनेता-निर्देशक अभिषेक डोभाल, कार्यक्रम क्यूरेटर एवं गायक हिमांशु धरमोरा, भातखंडे संगीत महाविद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य चंचल तिवारी, डॉ. सी.एस. चौहान, जनमेजय तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मीता उपाध्याय ने किया।
कार्यशाला में 40 प्रतिभागी शामिल हैं, जिन्हें सात दिनों तक रंगमंच तकनीक, अभिनय, दृश्य-रचना, चरित्र निर्माण, स्क्रिप्ट लेखन, कैमरा, फिल्म निर्माण और डॉक्यूमेंट्री निर्माण की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला में प्रशिक्षक के तौर पर कैलाश कांडवाल, शुभम शर्मा एवं अभिषेक डोभाल हैं।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य उदय शंकर की कलात्मक दृष्टि को नई पीढ़ी से जोड़ना और पहाड़ी क्षेत्र के युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा विकसित करने के लिए प्रशिक्षण एवं मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही, उदय शंकर द्वारा 1938 में स्थापित इस ऐतिहासिक अकादमी को केवल एक विरासत स्थल के रूप में नहीं, बल्कि निरंतर कला-शिक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों के सक्रिय केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है।
कार्यशाला का समापन 20 सितंबर को दोपहर 2 बजे भव्य सांस्कृतिक समारोह के साथ होगा। इसमें प्रतिभागी सात दिनों में सीखी गई विधाओं और तैयार प्रस्तुतियों का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ भातखंडे संगीत महाविद्यालय की शास्त्रीय प्रस्तुतियां करेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गुरु उदय शंकर की पुत्रवधू एवं प्रसिद्ध कलाकार तनुश्री शंकर तथा कोलकाता से आने वाले उनके दल की विशेष समापन प्रस्तुति होगी।
कार्यक्रम में यूसुफ तिवारी, दीपा गुप्ता, मनोज गुप्ता, रविन्द्र बिष्ट, ममता जीना, राजेंद्र नयाल, हरिंदर नेगी, सूरज सिरारी, रविन्द्र अधिकारी, सुंदर लाल, प्रमोद कुमार, विमला सहित अन्य सहयोगी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News
