Breaking News

झूठ बोलकर, हिंदू-मुस्लिम को लड़ाकर देश को बर्बाद करना चाहती है बीजेपीः कुंजवाल

अल्मोड़ा। स्वतंत्रता सेनानियों की तपोभूमि सालम से अगस्त क्रांति दिवस से शुरू हुई ‘भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा’ का रविवार को समापन हो गया है। तिरंगा यात्रा के संयोजक गोविंद सिंह कुंजवाल के नेतृत्व में यह यात्रा विभिन्न पड़ावों से होकर आज चैघानपाटा गांधी पार्क पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया।

भारत जोड़ों तिरंगा यात्रा की 9 अगस्त को सालम से शुरूआत हुई थी। एक सप्ताह तक चली इस यात्रा ने रविवार को ढौरा से अल्मोड़ा जिला मुख्यालय की ओर प्रस्थान किया। अल्मोड़ा पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। जिसके बाद यात्रा संयोजक गोविंद सिंह कुंजवाल ने माल रोड स्थित पंत पार्क में गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और इसके बाद यात्रा चैघानपाटा स्थित गांधी पार्क पहुंची। जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का समापन किया गया। भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा में बुजुर्गों और युवाओं समेत सभी ने बढ़चढ़ कर भागीदारी की।
:

इस दौरान गांधी पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व कांग्रेस नेता गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि देश का लोकतंत्र आज खतरे में है। भाजपा हिंदू-मुस्लिम को लड़ाकर, लोगों से झूठ बोलकर देश को बर्बाद कर देना चाहती है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि जिस प्रकार महात्मा गांधी के नेतृत्व में सुभाष चंद्र बोस समेत अन्य लोगों ने एक साथ आगे आकर देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। ऐसे ही कांग्रेस का हर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए आगे आए और इस तानाशाही सरकार की गलत नीतियों का खुलकर विरोध करें और जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच ले जाकर उन्हें जागरूक करने का प्रयास करें ताकि आने वाले चुनावों में ऐसे पार्टी को सत्ता से उखाड़ फेंककर सबक सिखाया जा सके। उन्होंने कहा कि भारत जोडो तिरंगा यात्रा का भी उद्देश्य यही है।

इस दौरान जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय महासचिव प्रकाश जोशी, नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल रावत, प्रशांत भैसोडा, भूपेंद्र भोज गुड्डू, केवल सती, तारू जोशी, दीवान सतवाल, मनोज रावत, चंदन सिंह बिष्ट, बिशन सिंह, रमेश बिष्ट, चंदन बोरा, प्रेम बल्लभ, प्रदीप बिष्ट, रमेश बिष्ट, दीपक मालड़ा, नरेंद्र बनौला, कुंदन रौतेला, कुंदन गैड़ा समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Check Also

उपपा की टोलियों ने किया जनसंपर्क व नुक्कड़ सभा, कहा- उत्तराखंड की क्षेत्रीय ताकतों को राजनीतिक विकल्प के रूप में खड़ा करें मतदाता

अल्मोड़ा: उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की प्रत्याशी व केंद्रीय अध्यक्ष के साथ पार्टी की अनेक टोलियों …