अल्मोड़ा: आम आदमी पार्टी (AAP) के भुवन जोशी ने राज्यसभा सांसद व आप नेता संजय सिंह को जमानत मिलने को न्याय की जीत बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार सरकारी मशीनरी के माध्यम विपक्षी नेताओं का दमन कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में अपनी शक्तियों का दुरूपयोग करने का जवाब भी प्रवर्तन निदेशालय के आला अधिकारियों को देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता केंद्र सरकार की दमनकारी नीतियों का जवाब आने वाले चुनावों में देगी।
मीडिया को जारी एक बयान में भुवन जोशी ने कहा कि ईडी न्यायालय में यह जवाब नहीं दे पाई कि संजय सिंह जी को इतने समय जेल में क्यों रखा गया। उन्होंने कहा कि अपनी पारदर्शी राजनीति के लिए सदा आम आदमी पार्टी विश्व पटल पर मानी जाती है। सीएम अरविंद केजरिवाल व संजय सिंह के दमन के खिलाफ विदेशों से भी आवाज उठी थी, जिससे उनके राजनीतिक कद का अंदाजा लगाया जा सकता है।
जोशी ने कहा कि अपने छात्र जीवन से ही 1994 से संजय सिंह सामाजिक कार्यो में सक्रिय रहे हैं। वे पेशेवर शिक्षा माईनिंग इंजीनियरिंग कर राजनीति में आए हैं और अन्ना आंदोलन से लेकर आज राज्य सभा सांसद तक का सफर उन्होंने अपनी योग्यता के बल पर तय किया है। भारतीय राजनीति में वे एक प्रखर और वि़द्वान नेता बनकर उभरे हैं और बतौर सांसद उनके तर्कों से सदैव विपक्ष निरूत्तर हुआ है।
जोशी ने कहा कि केंद्र में कोई भी सरकार हो लोकतंत्र की मजबूती के लिए विपक्ष को भी मजबूत करने की धारणा पर काम करना चाहिए। विद्वेष और दमन की राजनीति लोकतंत्र और समाज दोनों के लिए घातक है।
उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार की दमनकारी नीतियों का जवाब आने वाले चुनावों में अपने रूझानों से अवश्य देगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार के दमन के प्रकरण को लेकर वे भी जनता के बीच जा रहे हैं।