इंडिया भारत न्यूज डेस्क: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की में गुरुवार देर रात उस समय हडकंप मच गया, जब एक छात्र का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां बैचलर आफ साइंस एंड मास्टर आफ साइंस (बीएस-एमएस) द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने हॉस्टल के कमरे में गुरुवार देर रात आत्महत्या कर ली है। छात्र की आत्महत्या की सूचना मिलने पर संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया है। पुलिस छात्र की आत्महत्या की वजह को तलाश रही है। अभी छात्र के आत्महत्या करने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, छात्र आयुष राजोरिया (20) पुत्र शैलेश राजोरिया 410 बांके बिहारी शरणम राजनगर एक्सटेन्सन गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। छात्र के माता-पिता भी संस्थान परिसर पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
आईआईटी रुड़की की ओर से संस्थान की मीडिया सेल प्रभारी सोनिका श्रीवास्तव के अनुसार इस घटना से जुड़ी परिस्थितियों की फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
वहीं, सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने मीडिया को बताया कि आयुष रजौरिया बीटेक सेकंड ईयर का छात्र था। उन्होंने बताया कि उसके लैपटॉप में एक सुसाइड नोट भी मिला है। छात्र के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
India Bharat News Latest Online Breaking News







