अल्मोड़ा। मंगलवार रात से रूक-रूक कर हो रही बारिश से क्वारब डेंजर जोन के पास आवाजाही पहले से और खतरनाक हो चुकी है। बारिश के बाद प्रभावित हिस्से वाली सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुकी है। बुधवार को दो बार ट्रकों के फंसने से हाईवे में घंटो तक जाम की स्थिति रही। साथ ही पहाड़ी से मलबा व पत्थर गिरने का सिलसिला भी जारी रहा। जिससे यात्रियों व वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नेशनल हाईवे 109 अल्मोड़ा और हल्द्वानी को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए लाइफ लाईन माने जाने वाली यह मुख्य सड़क पिछले करीब एक साल से खतरनाक बनी है। क्वारब के पास करीब 200 मीटर लंबाई और 100 मीटर चौड़ाई में भारी भरकम पहाड़ी सड़क समेत नदी की तरफ धंस रही है। यहां सड़क में दिन में कई बार मलबा गिर रहा है। एनएच ने मलबा हटाने के लिए मशीनें लगा रखी हैं।
बुधवार सुबह करीब छह बजे हल्द्वानी की ओर से आ रहा लोडेड ट्रक कीचड़ में फंस गया। काफी कोशिश के बाद भी ट्रक आगे नहीं बढ़ पाया। बाद में पोकलैंड व जेसीबी मशीन से जोर लगाकर ट्रक को डेंजर जोन ने बाहर निकाला गया। इससे हाईवे में करीब दो घंटे तक यातायात अवरूद्ध रहा। इसके बाद दोपहर के समय एक और ट्रक कीचड़ में फंसकर खराब हो गया। बाद में किसी तरह ट्रक को वहां से हटाया गया। ऐसे में क्वारब के पास हाईवे दिन में कई बार खुलता व बंद होते रहा।
अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग रानीखेत खंड अशोक कुमार ने बताया कि हाईवे में यातायात का काफी दबाव है। मौके पर तैनात मशीनों से समय समय पर सड़क को ठीक किया जा रहा है ताकि वाहनों का आवागमन जारी रहे। डेंजर जोन के पास पुलिस बल की और आवश्यकता महसूस हो रही है इसके लिए वह नैनीताल व अल्मोड़ा जिले के एसएसपी से वार्ता करेंगे। उन्होंने बताया कि डेंजर जोन के पास बेसमेंट की ओर करीब 30 प्रतिशत कार्य हो चुका है। कार्य पूरा करने की निर्धारित अवधि फरवरी 2026 तक है।
जल्द शुरू होगा पहाड़ी का ट्रीटमेंट
अल्मोड़ा। क्वाबर डेंजर जोन की समस्या से निपटने के लिए भारत सरकार से अलग अलग कार्यों के लिए करोड़ों रुपये का बजट मंजूर हुआ है। जिसमें 51 करोड़ की लागत से पहाड़ी का ट्रीटमेंट होना है। एनएच की ओर से इसकी निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। चौधरी कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से यह कार्य किया जाना है। ईई अशोक कुमार ने बताया कि पहाड़ी के ट्रीटमेंट के लिए सीआरटी टेस्टिंग हो चुकी है। कंपनी की मशीनें और कुछ स्टाफ आ चुका है। अगले 10 से 12 दिन के भीतर इस कार्य के शुरू होने की उम्मीद है।
India Bharat News Latest Online Breaking News
