Breaking News
Oplus_131072

क्वारब में हालात बद से बदतर, घंटों जाम में फंसे रहे लोग

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग में क्वारब के पास हालात बद से बदतर हो चुके है। डेंजर जोन के पास सड़क पूरी तरह कीचड़ से पट गई है। जिससे गुरुवार को केएमओयू की एक बस कीचड़ में फंस गई। अलग-अलग समय में हाईवे घंटो बाधित रहा।

सड़क बंद होने से पुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। यात्रा में निकले यात्री देरी से अपने गंतव्य तक पहुंचे। वही, कुछ लोगों ने असुविधा को लेकर सोशल मीडिया में वीडियो पोस्ट कर सरकार और स्थानीय सांसद को जमकर कोसा।

यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने इस मार्ग को देर रात 11 बजे से तड़के पांच बजे तक यातायात के लिए प्रतिबंधित किया हुआ है। अल्मोड़ा और हल्द्वानी की ओर देर रात निकलने वाले वाहन विशेषकर ट्रक निर्धारित अवधि बाद प्रभावित स्थल के दोनों तरफ ही रोक दिए जाते हैं। सुबह इन वाहनों की आवाजाही होती है।

बुधवार रात से ही अल्मोड़ा और नैनीताल जिले की सड़क में ट्रकों और छोटे वाहनों की लंबी कतार लगी थी। रात में हुई बारिश से पहाड़ी से काफी मलबा सड़क पर जमा हो गया। मिट्टी पत्थर और कीचड़ से रोड पट जाने से रोड बंद हो गई। इससे गंतव्य के लिए रवाना होने को इंतजार कर रहे दोनों तरफ के वाहन फंसे रहे।

अल्मोड़ा से नैनीताल को निकले प्रत्यक्षदर्शी राम प्रकाश निरंकारी सड़क बंद होने से करीब ढाई घंटे फंसे रहे। उन्होंने बताया लगातार गिर रहा मलबा और संकरी सड़क के कारण लोग पिछले एक साल से परेशान हैं। सरकार और नेता करोड़ों रुपए की स्वीकृति और ठीक करने का दावा कर रहे हैं, वास्तविक स्थिति चिंता जनक है।

होटल एसोसिएशन अध्यक्ष अरुण वर्मा ने बताया वह भी करीब डेढ़ घंटे तक अन्य के साथ डेढ़ घंटे तक इंतजार करते रहे। दिन भर सड़क बंद होने और सैकड़ों वाहनों की आवाजाही से अलग-अलग समय में जाम के चलते भी यातायात प्रभावित रहा। यात्रियों ने बताया यातायात को नियंत्रित करने के लिए अल्मोड़ा जिले की पुलिस फोर्स जरूरत के मुताबिक तैनात है, लेकिन नैनीताल की तरफ पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से भी जाम लग रहा है।

Check Also

बड़ी खबर: उत्तराखंड पुलिस की वर्दी में जंतर-मंतर पहुंचे व्यक्ति का वीडियो वायरल, पुलिस मुख्यालय ने शुरू की जांच

नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे एक धरना-प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड पुलिस की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *