अल्मोड़ा। राजकीय वाहन चालक महासंघ जनपद इकाई की बैठक विकास भवन में आहूत की गई। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान सभी ने एकस्वर में कहा कि राजकीय वाहन चालकों के हितों व अधिकारियों की रक्षा और मांगों पर कार्यवाही के लिए शासन प्रशासन के साथ वार्ता की जाएगी। साथ ही सभी ने सभी सदस्यों को एकजुट करने और संगठन की मजबूती का संकल्प लिया।
संगठन के जिलाध्यक्ष पूरन सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राजकीय वाहन चालकों का ग्रेड पे 2400 (लेबल चार) की जगह लेबल पांच में प्रथम लाभ प्रदान किए जाए। ताकि 20 वर्ष की सेवा पर वाहन चालक लेवल आठ का लाभ प्राप्त कर सकें। इसके अलावा सभी विभागों में वाहन चालकों के रिक्त पदों को जल्द भरने की भी मांग उठाई। कहा कि कई विभागों में अनुबंधित टैक्सी वाहन लगाए गए हैं। टैक्सी प्रथा खत्म कर नए वाहन क्रय किए जाए।
वक्ताओं ने कहा कि अधिकांश विभागों में राजकीय, अनुबंधित वाहन वीआईपी स्कॉर्ट कार्य के लिए लिया जाता रहा है, जबकि यह कार्य पुलिस का है। कुछ अधिकारियों द्वारा जिले से बाहर राजकीय और टैक्सी वाहनों (अनुबंधित वाहन) का निजी कार्य के लिए प्रयोग किए जाने पर संगठन ने विरोध किया।
मानदेय का भुगतान नहीं होने पर जताई नाराजगी
अल्मोड़ा: राजकीय वाहन चालक महासंघ ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मानदेय का भुगतान नहीं होने पर आक्रोश जताया है। संगठन द्वारा इस आशय का एक पत्र राज्य निर्वाचन आयुक्त को प्रेषित किया गया है। पत्र में कहा है कि राज्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय से 7 जनवरी 2025 को एक पत्र जारी हुआ था, जिसमें निर्वाचन मानदेय को 7 मद में ही निकाले जाने के आदेश जारी किए गए थे। लेकिन उक्त मानदेय मद में कई विभागों में बजट नहीं होने से मानदेय का भुगतान नहीं हो पाया है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि राजकीय वाहन चालकों द्वारा चुनाव के दौरान दो से तीन माह तक पूरी निष्ठा के साथ अपना दायित्व निभाया। बावजूद इसके अब तक मानदेय का भुगतान न होना कतई सही नहीं है और इससे राजकीय वाहन चालकों में आक्रोश हैं। उन्होंने पत्र के माध्यम से अन्य कर्मचारियों की भांति वाहन चालकों को निर्वाचन कार्यालय से ही मानदेय का भुगतान करने संबंधित आदेश जारी करने की मांग की है। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री उमेश सिंह ने किया।
बैठक में पूरन सिंह, रमेश चंद्र, उमेश सिंह, हरीश बोरा, हेम चंद्र, पीसी जोशी, जगत सिंह, तारा पांडे, कासिम हुसैन, दयाल मेहता, कमलापति, बालम सिंह भाकुनी, ओम प्रकाश, महेश प्रसाद, राजेंद्र कुमार, अरविंद शर्मा आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News
