अल्मोड़ा: अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की 35 वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक शुक्रवार को होटल शिखर के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में बैंक ने वर्ष 2028 तक 80 शाखाओं के संचालन और कार्य व्यवसाय को 8 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा। बैंक अध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत ने सामान्य निकाय के प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
प्रबंध निदेशक पी.सी तिवारी ने बैंक की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। निदेशक मंडल की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए उन्होंने बताया कि बैंक का कार्य व्यवसाय 2023-24 में 5147.53 करोड़, वर्ष 2024-25 में 5736.58 करोड़ था, जो बढ़कर अब 6,600 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है, जबकि बैंक का नेट एनपीए शून्य है। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2026 तक बैंक ने 1,691.45 करोड़ रुपये भारतीय रिजर्व बैंक के पास सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश किए हैं। बैंक की निजी पूंजी भी बढ़कर 725.85 करोड़ रुपये हो गई है।
वर्तमान में बैंक का कार्यक्षेत्र पूरे उत्तराखंड में है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में दिनेशपुर, रामनगर रोड काशीपुर, शिवालिक नगर हरिद्वार और मसूरी रोड चंबा में चार नई शाखाएं खोली गई हैं। इसके साथ बैंक की शाखाओं की संख्या बढ़कर 69 हो गई है।बैंक प्रबंधन के अनुसार जल्द ही कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग, मियांवाला देहरादून, कनखल हरिद्वार और गोल मार्केट देहरादून में पांच नई शाखाएं खोली जाएंगी। इन शाखाओं के संचालन के बाद बैंक की कुल शाखाओं की संख्या 74 हो जाएगी। बैंक ने वर्ष 2028 तक 80 शाखाओं और 8,000 करोड़ रुपये के कार्य व्यवसाय का लक्ष्य निर्धारित किया है।
49.54 करोड़ रुपये का सकल लाभ
वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक ने 49.54 करोड़ रुपये का सकल लाभ अर्जित किया। बैंक प्रबंधन ने वर्तमान वर्ष में अंशधारकों को 9 प्रतिशत की दर से लाभांश देने का निर्णय लिया है। इसी वित्तीय वर्ष में बैंक ने 14 करोड़ रुपये अग्रिम आयकर के रूप में जमा किया।
आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं पर जोर
बैंक ग्राहकों को आरटीजीएस, एनईएफटी, पीएफएमएस, आईएमपीएस क्रेडिट, ईसीएस और एनएसीएच सहित विभिन्न आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। बैंक भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) का प्रत्यक्ष सदस्य भी है। बैंक की वित्तीय स्थिति, कार्यप्रणाली और तकनीकी क्षमता को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंक को मोबाइल बैंकिंग की अनुमति प्रदान की है। प्रथम चरण में यह सुविधा बैंक कर्मचारियों को उपलब्ध कराई गई है। जल्द ही ग्राहकों को भी मोबाइल बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। प्रबंधन के अनुसार ग्राहकों को त्वरित और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी के अधिक से अधिक उपयोग पर जोर दिया जा रहा है।
सामाजिक सरोकारों में भी भागीदारी
अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की ओर से समय-समय पर वृक्षारोपण, साक्षरता अभियान, आपदा राहत कोष और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सहयोग किया जाता रहा है।
बैंक अध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत ने कहा कि बैंक ग्राहकों को प्राथमिकता के आधार पर सभी सुविधाएं प्रदान कर रहा है। बैंक ने अपने कुल ऋण का 74.59 प्रतिशत प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र को वितरित किया है। आगे महिला स्वयं सहायता समूहों को भी इससे जोड़ा जाए, यह उनकी प्राथमिकता में रहेगा।
अध्यक्ष डॉ. पंत ने बैंक की प्रगति में सहयोग के लिए संचालक मंडल के सदस्यों, अंशधारकों, ग्राहकों, उत्तराखंड शासन, कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल के आयुक्तों, जिलाधिकारियों, नगर निगम महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों, जिला पंचायत अध्यक्षों, प्रशासनिक अधिकारियों, भारतीय रिजर्व बैंक, सहकारिता विभाग, ऑडिट विभाग, विभिन्न बैंकों तथा बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में बैंक उपाध्यक्ष सदी राम आर्या, संचालक सुरेन्द्र प्रसाद, सुजाता गुलाटी, रीता टंडन, महेश चंद्र पांडे, सीए गगनदीप सिंह सहदेव, हरीश चंद्र पाठक, नृपेन्द्र सिंह रौतेला, डॉ. दीपक गौड़, मुमताज हुसैन, जीतेन्द्र सिंह, गिरीश धवन, डॉ. हंसा पांडे, बीएस मेहता, बैंक प्रतिनिधि आनंद सिंह बगडवाल, दुर्गा लाल, सुमन बोरा, गोविन्द लाल वर्मा, चन्द्रशेखर कांडपाल तथा विशेष आमंत्रित सदस्य लक्ष्मण सिंह ऐठानी, विनीत दुर्गापाल, सरदार सुरजीत सिंह और सतीश गुप्ता सहित सामान्य निकाय के प्रतिनिधि एवं बैंक के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News
