अल्मोड़ा: उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग से जुड़े हालिया गंभीर आरोपों और सामने आ रही जानकारियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाए जाने तथा पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराए जाने की मांग की है।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष एवं संयोजक पी.सी. तिवारी ने कहा कि चुनाव जैसी लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ी किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करने वाली गतिविधियों को अत्यंत गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामने आ रही जानकारियां यदि जांच में सही पाई जाती हैं तो यह देश के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के लिए बेहद गंभीर स्थिति होगी।
तिवारी ने कहा कि सरकारों की अनेक नीतियों और कार्यप्रणालियों से असहमति के बावजूद देश का सामान्य नागरिक यह अपेक्षा करता है कि लोकतांत्रिक संस्थाएं निष्पक्ष और संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप काम करें। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर किसी भी प्रकार का प्रश्नचिह्न लोकतंत्र में जनता के विश्वास को गंभीर रूप से प्रभावित करता है।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में देश के नागरिक समाज, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए होने वाले ऐसे शांतिपूर्ण और संवैधानिक प्रयासों में पार्टी अपनी पूरी ताकत के साथ सहयोग करेगी।
India Bharat News Latest Online Breaking News