Breaking News
Oplus_131072

Big Breaking: अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा: भाई दूज मनाकर लौट रहे मां-बेटी समेत 3 लोगों की दर्दनाक मौत

-घर से महज एक किलोमीटर पहले काल बनकर आई दुर्घटना
-सुनसान जगह होने के कारण रातभर किसी को नहीं लगी भनक

 

 

धौलछीना (अल्मोड़ा): विकासखंड भैंसियाछाना के दूरस्थ गांव हरड़ा में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। भाई दूज का त्योहार मनाकर पिथौरागढ़ के पाली गांव से वापस लौट रही मैक्स जीप हरड़ा गांव से करीब एक किलोमीटर आगे अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में हरड़ा निवासी बसंती गैड़ा (48) पत्नी हिम्मत सिंह गैड़ा, उनकी 15 वर्षीय पुत्री अंजली गैड़ा तथा वाहन चालक हयात सिंह (सूरज) गैड़ा (28) पुत्र स्व. शेर सिंह निवासी न्योली हरड़ा की दर्दनाक मौत हो गई।

 

 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह हरड़ा गांव की बसंती गैड़ा अपनी पुत्री अंजली और गांव की अन्य महिलाओं के साथ भाई दूज का त्योहार मनाने पिथौरागढ़ के पाली गांव गई थीं। दिनभर भाइयों के साथ त्योहार मनाने के बाद सभी देर शाम मैक्स वाहन से वापस लौट रहे थे।

हरड़ा गांव पहुंचने से करीब एक किलोमीटर पहले वाहन में सवार अन्य महिलाएं अपने गांव में उतर गईं। जबकि बसंती गैड़ा, उनकी पुत्री अंजली और वाहन चालक हयात सिंह को न्योली की ओर जाना था। इसी दौरान हरड़ा से लगभग एक किलोमीटर आगे वाहन अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरा।

रातभर किसी को नहीं लगी हादसे की भनक

हादसा इतना भयावह था कि वाहन के गहरी खाई में गिरने के बाद घटनास्थल की एकांत स्थिति के चलते रातभर किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब ग्रामीणों को दुर्घटना की जानकारी मिली तो गांव में अफरा-तफरी मच गई।

 

 

ग्राम प्रधान जितेंद्र रावत ने तत्काल धौलछीना पुलिस और 108 आपातकालीन सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से खाई में उतरकर तीनों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक तीनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

 

भाई दूज की खुशियां मातम में बदलीं

इस हादसे ने एक ही परिवार की खुशियां पूरी तरह उजाड़ दीं। बसंती गैड़ा अपने भाइयों से भाई दूज का त्योहार मनाकर बेटी के साथ घर लौट रही थीं। घर से महज एक किलोमीटर पहले ही मां-बेटी की जिंदगी का सफर थम गया।

बसंती के पति हिम्मत सिंह बीमार रहते हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा चंदन सिंह उदयपुर के एक होटल में निजी नौकरी करता है, जबकि 17 वर्षीय छोटा बेटा मोहन सिंह घर पर ही रहता है। अंजली राजकीय इंटर कॉलेज नैनी चौगर्खा में कक्षा नौ की छात्रा थी।

 

 

जिस घर में मां-बेटी के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां सुबह उनकी मौत की खबर पहुंची। एक साथ मां और बहन को खोने वाले 17 वर्षीय मोहन सिंह और बीमार पिता हिम्मत सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं हादसे में वाहन चालक हयात सिंह की मौत से उनके परिवार में भी मातम पसरा हुआ है।

 

घटना के बाद पूरे हरड़ा क्षेत्र में शोक की लहर है। भाई दूज का त्योहार मनाने निकली मां-बेटी और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने निकले चालक की एक ही हादसे में मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Check Also

Almora: डंपिंग जोन के पास लगी आग, एक कार जलकर राख, कोई जनहानि नहीं

रानीखेत (अल्मोड़ा) : डंपिंग जोन के पास लगी आग की चपेट में आने से दो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *