अल्मोड़ा: नगर के मल्ला महल से कलक्ट्रेट शिफ्ट मामले में व्यापारियों का आक्रोश लगातार बढ़ते जा रहा है। नगर व्यापार मंडल ने प्रदेश सरकार पर ग्रामीणों, व्यापारियों व नगर की जनता के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। साथ ही सरकार को चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र अल्मोड़ा तहसील को मल्ला महल में शिफ्ट नहीं किया गया तो व्यापारी धरना-प्रदर्शन, संपूर्ण बाजार को बंद करने व उग्र आंदोलन करने से गुरेज नहीं करेंगे।
मंगलवार को नगर के एक होटल में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह ने कहा कि अल्मोड़ा तहसील समेत पूरे कलक्ट्रेट को नगर से दूर शिफ्ट करना सरकार का गलत निर्णय है। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र से करीब 7 किमी की दूरी पर कलक्ट्रेट शिफ्ट तो कर दिया गया है लेकिन मुख्य सड़क मार्ग से नवीन कलक्ट्रेट दूर होने के चलते लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें
कुमाऊं: इंस्टाग्राम में युवती ने बनाई युवक की Fake ID, फिर कर दी ये हरकत.. मुकदमा दर्ज
साह ने कहा कि कोई भी निर्णय लोगों की सहूलियत को देखते हुए होना चाहिए। कलक्ट्रेट तक आवागमन के साधन नहीं होने के कारण दिव्यांगों व बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतें हो रही हैं। वही, मुख्य बाजार में व्यापार पर भी इसका खासा असर पड़ते नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापार इस कदर प्रभावित हुआ है कि नगर का व्यापारी अल्मोड़ा से पलायन करने की स्थिति में आ चुका है।
साह ने कहा कि मामले में नगर व्यापार मंडल को आम जनता के साथ ही राजनीतिक, सामाजिक समेत कई संगठनों का सहयोग मिल रहा है। नगर व्यापार मंडल सभी लोगों के साथ मिलकर मांग पूरी होने तक जोरशोर के साथ इस लड़ाई को लड़ेगा।
आश्वासन के बाद भी कर दिया शिफ्ट
सुशील साह ने कहा कि कलक्ट्रेट शिफ्ट होने की सुगबुगाहट के बाद नगर व्यापार मंडल द्वारा 8 मार्च 2022 को दो दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया था। जिसके बाद जिलाधिकारी ने प्रदर्शनकारियों को तहसील मल्ला महल में ही रखे जाने का आश्वासन दिया था। लेकिन बाद में तहसील समेत पूरा कलक्ट्रेट नगर से 7 किमी की दूरी पर शिफ्ट कर दिया गया।
हस्ताक्षर अभियान के बाद सीएम को भेजेंगे ज्ञापन
सुशील साह ने कहा कि अल्मोड़ा तहसील को वापस मल्ला महल में स्थापित करने को लेकर वर्तमान में नगर व्यापार मंडल द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। जो नगर व ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही यह अभियान पूरा होने वाला है। करीब 4 हजार लोगों के हस्ताक्षरयुक्त एक ज्ञापन सूबे के सीएम पुष्कर सिंह धामी को प्रेषित किया जाएगा। अगर इसके बाद भी उनकी मांग की अनदेखी हुई तो व्यापार मंडल पूरी बाजार को बंद करने के साथ ही धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा।
प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह के अलावा पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एडवोकेट केवल सती, त्रिलोचन जोशी, अनीता रावत, नगर व्यापार मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष मोहन सिंह कनवाल, फड़ एसोसिएशन के नवीन चंद्र, दीप डांगी, प्रतेश पांडे, सलमान, मुमताज कश्मीरी, कार्तिक साह आदि मौजूद रहे।
हमसे व्हाट्सएप पर जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/