अल्मोड़ा। यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामला अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। इस मुद्दे पर अब कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। महिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने कहा कि पेपर लीक होने की घटना गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार का परिणाम है।
जारी बयान में जिलाध्यक्ष बिष्ट ने कहा कि नकल विरोधी कानून लाने के बाद भाजपा सरकार ने गांव-गांव, गली-गली खूब ढिंढोरा पीटा। देश का सबसे सख्त कानून बताते हुए युवाओं को भविष्य में नकल न होने का झूठा आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून इतना ही सख्त है तो पेपर लीक कैसे हो रहा है, सरकार युवाओं को इसका जवाब दें।
बिष्ट ने कहा कि सरकारी नौकरी की तलाश में अपने घरों को छोड़ युवा शहरों में महंगी कोचिंग लेने व पढ़ने जाते हैं। सालों साल मेहनत करने के बाद इस उम्मीद से पेपर देते हैं कि अब उन्हें सरकारी नौकरी मिलेगी और उनका भविष्य सुरक्षित होगा। लेकिन युवा घर देर में पहुंचता है और पेपर लीक की सूचना पहले आ जाती है।
जिलाध्यक्ष बिष्ट ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने का वादा कर सत्ता में आई भाजपा सरकार में युवा अपने को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार हाकम और उसके हाकिमों को बचाने में लगी है। बेरोजगार युवा सरकार की इस कथनी और करनी को अच्छी तरह समझ चुका है। प्रदेश के लाखों युवा व उनके अभिभावक युवा विरोधी व भ्रष्टाचार में डूबी भाजपा सरकार को 2027 विधानसभा चुनाव में सत्ता से उखाड़ फेकेंगे।
India Bharat News Latest Online Breaking News