Breaking News
Oplus_131072

अथरबनी में हुई खुली बैठक, कई प्रस्तावों पर बनी सहमति, ब्लॉक प्रमुख व जिपं सदस्य प्रतिनिधि ने विकास कार्यों के लिए की इतने लाख रुपये देने की घोषणा

अल्मोड़ा। ग्राम पंचायत अथरबनी में रविवार को आयोजित खुली बैठक में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं और प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व काफी संख्या में ग्रामीणों ने भागीदारी की।

बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान विनोद जोशी ने की। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख हवालबाग हिमानी कुंडू ने शिरकत की। जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि आनंद सिंह कनवाल और क्षेत्र पंचायत सदस्य जमन सिंह बिष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

 

सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव हुए पास

अल्मोड़ा: बैठक के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में जल निकासी की समस्या उठाते हुए पक्की नालियों के निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिस पर सहमति बनी। इसके अलावा गौशाला, गोबर गैस संयंत्र, मुर्गी बाड़ा और वीबी रामजी योजना के अंतर्गत खड़ंजों के निर्माण के प्रस्तावों को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई। जल संरक्षण हेतु चाल-खाल निर्माण एवं बंजर क्षेत्रों में वृक्षारोपण का प्रस्ताव रखा गया। ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने के लिए नई पेयजल लाइन बिछाने के विषय पर भी चर्चा हुई।

 

किन्नरों की मनमानी को रोकने का फैसला

अल्मोड़ा: बैठक में यह निर्णय लिया गया कि ग्रामसभा क्षेत्र में किन्नर समुदाय की मनमानी स्वीकार नहीं की जाएगी और शुभ अवसरों पर शगुन (नजराना) के नाम पर 2100 रुपये से अधिक की मांग को रोका जाएगा। साथ ही बिना सत्यापन के फेरी वालों और कबाड़ियों के क्षेत्र में घूमने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया।

 

स्वच्छता समिति का होगा गठन

अल्मोड़ा: ग्रामसभा क्षेत्र में खुले छोड़े जा रहे सीवर की समस्या पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। तय किया गया कि स्वच्छता समिति का गठन किया जाएगा, जो क्षेत्र में सर्वेक्षण कर खुले में सीवर छोड़ने वालों पर नजर रखेगी। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति को व्यवस्था सुधारने के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा, इसके बाद भी सुधार न होने पर जुर्माना और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

इन प्रस्तावों पर भी लगी मुहर

अल्मोड़ा: बैठक में आंगनबाड़ी केंद्र के शीघ्र निर्माण, नई सोलर लाइटें लगाने और पुरानी लाइटों की मरम्मत, साथ ही क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत के प्रस्ताव भी रखे गए। इसके अलावा अगले पांच वर्षों में पंचायत घर, सामुदायिक केंद्र, महिला उद्योग केंद्र, बच्चों के लिए मनोरंजन पार्क और ओपन जिम के निर्माण हेतु भूमि चयन को लेकर विभागीय अधिकारियों से वार्ता करने का निर्णय लिया गया। बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों को देने पर भी सहमति बनी।

 

जनप्रतिनिधियों ने की यह घोषणा

अल्मोड़ा: बैठक में क्षेत्र पंचायत प्रमुख हिमानी कुंडू ने ग्रामसभा के विकास कार्यों के लिए तीन लाख रुपये और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि आनंद सिंह कनवाल ने दो लाख रुपये जारी करने की घोषणा की।

 

ये रहे मौजूद

बैठक में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी रश्मि सुप्याल, ग्राम विकास अधिकारी पंकज सुनौरी, वार्ड सदस्य रमेश भोज, इंदर सिंह बिष्ट, निर्मला बिष्ट, रेखा जोशी, नीमा बिष्ट, किरण साह, ख्याली पांडे, दीवान सिंह, सुंदर गंगोला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Check Also

हिंदू सेवा समिति की बैठक, नव संवत्सर कार्यक्रम की रूपरेखा तय, यात्रा को भव्य बनाने की तैयारी

अल्मोड़ा: नव संवत्सर के आयोजन को लेकर रविवार को हिंदू सेवा समिति द्वारा बैठक आहूत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *