देहरादून: प्रदेश में दोहरी पेंशन का लाभ ले रहे लोगों की अब खैर नहीं। कुछ समय पहले ही कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां एक सरकारी विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी दो-दो पेंशन का लाभ ले रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले में सख्त रुख अख्तियार करते हुए ऐसे लोगों पर विधिक कार्रवाई किए जाने को मंजूरी दे दी है।
सरकारी पेंशन के साथ ही वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन का लाभ ले रहे पेंशनर्स का सत्यापन कर विधिक कार्रवाई किए जाने को मंजूरी दे दी है। सीएम धामी ने हर स्तर पर उत्तरदायित्व निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं।
महालेखाकार ने प्रदेश के पेंशन धारकों में रिटायर्ड कर्मचारियों के रिकॉर्ड खंगाले थे। मामला सामने आने के बाद समाज कल्याण विभाग के निदेशक की ओर से जांच के आदेश दिए गए थे। जिसके बाद ही प्रदेश के सभी जिलों में जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद सामने आया है कि 1377 पेंशनर्स ऐसे हैं, जो दो-दो पेंशन का लाभ ले रहे हैं।
यानी की एक तरफ तो उन्हें अपने विभाग से रिटायरमेंट की पेंशन मिल रही है, वहीं दूसरी तरफ ऐसे रिटायर्ड कर्मचारी समाज कल्याण विभाग की योजनाओं जैसे वृद्धावस्था और विधवा जैसी पेंशन का लाभ भी ले रहे हैं।
ऐसे में मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएम धामी ने भी सख्ती दिखाई है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने कहा कि प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही ना हो, इसके कड़े निर्देश दिए गए हैं।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार के स्तर पर सरकारी पेंशन प्राप्त करने वालों द्वारा सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन आदि का भी लाभ प्राप्त करना नियमों के विपरीत है। ऐसे कृत्यों की गहनता से की गई, जांच में दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में इस प्रकार के मामलों की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए भी सजकता से कार्य करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
India Bharat News Latest Online Breaking News