अल्मोड़ा: पर्वतीय जिलों में स्वास्थ्य सुविधाएं भगवान भरोसे है। ताजा मामला जागेश्वर विधानसभा के लमगड़ा विकास खंड का है। जहां लंबे समय से मरीजों के लिए संजीवनी का काम कर रही 108 एंबुलेंस पिछले डेढ़ माह से लावारिस हालत में खड़ी है। खराब पड़ी 108 एंबुलेंस की कोई सुधलेवा नहीं है। जिससे क्षेत्रीय लोगों में भयंकर आक्रोश है।
कांग्रेस के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष दीवान सतवाल ने कहा कि पिछले करीब डेढ़ माह से आपातकालीन सेवा 108 एंबुलेंस छड़ौजा के पास खड़ी है। मरीजों को आपातकालीन सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जब संबंधित अधिकारियों से बातचीत की गई तो उनकी ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

सतवाल ने इस मामले में भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता के नशे में चूर भाजपा सरकार व क्षेत्र में चुने गए उनके प्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं से कोई मतलब नहीं रह गया है। सरकार की कथनी व करनी में अंतर है। भाजपा के सत्ता में आने के बाद से स्वास्थ्य सेवाओं का हाल बुरा है।
सतवाल ने कहा कि खराब पड़ी 108 एंबुलेंस का शीघ्र संचालन नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो सीएमओ कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.सी पंत ने कहा कि कुछ तकनीकी दिक्कतों के चलते लमगड़ा क्षेत्र की 108 एंबुलेंस का संचालन नहीं हो पा रहा है। आपातकालीन सेवा 108 के प्रभारी को इस मामले में निर्देशित कर दिया है। जल्द ही 108 एंबुलेंस की तकनीकी दिक्कतों को दूर किया जाएगा।
हमसे व्हाट्सएप पर जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/
India Bharat News Latest Online Breaking News