-दारोगा व दो कांस्टेबलों पर लगाए गए आरोपों की जांच में पुष्टि होने के बाद एसएसपी ने लिया एक्शन
इंडिया भारत न्यूज डेस्क: थाना रायवाला में तैनात उप निरीक्षक नीरज त्यागी और 2 कांस्टेबल को एसएसपी, देहरादून दलीप सिंह कुंवर ने लाइन हाजिर कर दिया है। तीन दिन पहले भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य के साथ दारोगा नीरज त्यागी की दबंगई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था।
मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया था। वीडियो में उपनिरीक्षक जिला पंचायत सदस्य के साथ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते नजर आ रहा थे। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक ऋषिकेश संदीप नेगी को सौंपी गई थी। अगले रोज वह रायवाला थाने पहुंचे थे। वहां भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनके समक्ष घटना पर रोष जताया था।
पुलिस उपाधीक्षक संदीप नेगी ने बताया कि उप निरीक्षक नीरज त्यागी और दो कांस्टेबल अरुण कुमार और अनुराग कुमार पर लगाए गए आरोप की प्रथम दृष्टया पुष्टि हुई है। जिसको देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर ने तीनों को लाइन हाजिर कर दिया है।
क्या है मामला?
बीते शुक्रवार की रात भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत ने एक ऑटो सवार और कुछ अन्य पर लूटपाट करने का आरोप लगाया था। इस घटना को लेकर नरेंद्र सिंह रावत रायवाला थाना पहुंचे थे। जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान और रात्रि ड्यूटी अधिकारी नीरज त्यागी के बीच इस दौरान तीखी बहस हो गई थी। इस बीच दरोगा ने जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्रता की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। भाजपा पदाधिकारियों ने उच्चाधिकारियों से इस मामले की शिकायत की थी। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस मुकदमा दर्ज किया था।