अल्मोड़ा। धौलछीना थाना क्षेत्र में जमराड़ी काफलीगैर मोटर मार्ग पर पिपली के पास हुए हाउसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक मृतक अजय शर्मा और घायल पुष्कर भंडारी आपस में जीजा साले हैं। अजय शर्मा कुछ दिन पूर्व ही पूजा करने अपने ससुराल नौगांव आये थें। मंगलवार को वापस दिल्ली लौटने वाले थें। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है। गांव में मातम पसरा है।
यह हादसा सोमवार देर रात करीब 11 बजे हुआ। जमराड़ी के नौगांव से पांच लोग कार संख्या- डीएल 4 सीएनई 9465 में सवार होकर पिपली के लिए निकले। महेंद्र सिंह व राजेंद्र सिंह को पिपली छोड़ने के बाद तीन लोग वापस नौगांव लौट रहे थे। नौगांव से पिपली के बीच की दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर है। वापस लौटते समय पिपली से करीब 50 मीटर आगे जाकर कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में कार चालक अजय शर्मा (42) पुत्र रविंद्र शर्मा, निवासी सरस्वती विहार दिल्ली तथा मनोज सिंह बिष्ट (30) पुत्र जगमोहन सिंह, निवासी नौगांव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पुष्कर सिंह भंडारी(45) पुत्र गिरधर सिंह भंडारी निवासी नौगांव गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची धौलछीना पुलिस तथा स्थानीय लोगों ने घायल तथा मृतकों को रात के अंधेरे में ही खाई से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल पुष्कर सिंह को निजी वाहन से धौलछीना अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि घायल के मुंह तथा सिर पर गंभीर चोट लगी है।
आपातकालीन सेवा 108 ने दिया धोखा
अल्मोड़ा। धौलछीना अस्पताल की 108 ने एक बार फिर ऐन मौके पर धोखा दे दिया। दुर्घटना स्थल की सबसे नजदीक 108 एंबुलेंस से संपर्क करने पर बताया गया कि एंबुलेंस खराब पड़ी है जिस कारण अल्मोड़ा तथा सेराघाट से एंबुलेंस आने में काफी समय लग गया। अल्मोड़ा से भेजी गई एम्बुलेंस भी बीच रास्ते में खराब हो गई। जिससे घायल को अस्पताल पहुंचाने में ग्रामीणों को निजी वाहन का सहारा लेना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन धौलछीना अस्पताल की 108 एंबुलेंस खराब रहती है जिसका ग्रामीणों को समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने इस पर नाराजगी जताई है।