Breaking News
Oplus_131072

गजब:: अल्मोड़ा-पनार हाइवे में रात के अंधेरे में हो रहा डामरीकरण, जिम्मेदार फिर भी मौन

-ठेकेदार की मनमानी एनएच के अधिकारियों पर भारी
-गुणवत्ताविहीन कार्य के बाद भी अफसरों ने थामी हैं चुप्पी

 

अल्मोड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग 309 बी अल्मोड़ा पनार सड़क में एनएच के अधिकारियों की अनदेखी के चलते गुणवत्ताहीन डामरीकरण का खेल थम नहीं रहा है। तापमान में काफी गिरावट होने के बावजूद यहां दिन के साथ ही रात के अंधेरे में भी धड़ल्ले से डामर बिछाने का काम जारी है। जिससे डामर बिछाते ही कई स्थानों पर गड्ढे बन रहे हैं। कई बार इसकी शिकायत की जा चुकी है। लेकिन जिम्मेदारों ने चुप्पी साध रखी है।

 

एनएच 309 बी में इन दिनों ध्याड़ी से पनार की तरफ हॉट मिक्स बिछाने का काम चल रहा है। धूप के समय डामर बिछाने का काम ढीला लेकिन दिन ढलने के बाद तेजी से हो रहा है। ट्रकों के हेड लाइट की रोशनी में डामर बिछाने से लग रहा है किसी वीआईपी मूवमेंट को लेकर आनन फानन में काम निपटाया जा रहा है।

 

गिरते तापमान में देर रात तक धड़ल्ले से डामर बिछाना नई इंजीनियरिंग का नमूना है, गुणवत्ताहीन काम को बढ़ावा देना है या फिर बजट खपाकर लक्ष्य हासिल करने का तरीका, यह समझ से परे हैं। या फिर अब इसे विभाग की कुशल इंजीनियरिंग कहें, लापरवाही कहें या बजट खपाने का फितूर।

कुछ दिन पहले हनुमान मंदिर से तलेट के बीच सड़क पर डाला गया हॉट मिक्स एक हफ्ते से कम समय में ही उखड़ गया था। गुणवत्ताहीन और दुर्घटना का कारण बने पाला ग्रस्त इस क्षेत्र में बिछाए डामर को विभाग ने जेसीबी मशीन से उखाड़ दिया था। तब अधिकारियों ने काम की गुणवत्ता को बनाए रखने का भरोसा दिया था, लेकिन काम की गुणवत्ता में अब तक सुधार नहीं हुआ है। बसोली से मकड़ाऊं तक कई स्थानों पर डामर उखड़ने लगा है। करोड़ों की लागत से चल रहे काम की गुणवत्ता की ओर विभाग का ध्यान नहीं है।

साठ किमी दूर से लाया जा रहा हॉटमिक्स

अल्मोड़ा। दन्या पनार हाईवे में डामरीकरण व सुधारीकरण का कार्य शुरू से ही सवालों के घेरे में है। करीब 60 किलोमीटर से अधिक दूर धौलछीना स्थित प्लांट से हॉट मिक्स तैयार कर लाया जा रहा है। इतनी दूर से यहां लाए जा रहे तैयार माल का मानक के अनुसार तापमान बनाए रखना आसान नहीं है। कम तापमान में डामर का सड़क के नीचे की सतह में पकड़ करना संभव नहीं है। बावजूद इसके डामरीकरण का काम तेजी से चल रहा है।

पिछले दिनों शिकायत मिलने के बाद डामर को उखड़वा दिया था। ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण काम करने और उचित तापमान में ही हॉट मिक्स बिछाने के निर्देश दिए थे। रात के समय किसी भी हालत में डामर बिछाना गलत है। मैं स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करूंगा। जांच में कम गुणवत्ता और मानकों की अनदेखी पाई गई तो नियमानुसार कार्रवाई होगी।
   -अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता, एनएच रानीखेत खंड।

 

Check Also

हवालबाग विकासखंड में हुई प्रधान संगठन की बैठक, मानदेय वृद्धि और भुगतान व्यवस्था के मुद्दे प्रमुखता से उठे

अल्मोड़ा: हवालबाग विकासखंड सभागार में बुधवार को आयोजित प्रधान संगठन की बैठक में ग्राम प्रधानों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *