अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को पर्यटन सीजन की आहट के बीच अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे में क्वारब डेंजर जोन के निर्माण व सुधारीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से सुधारात्मक कार्यों की प्रगति तथा अवशेष कार्यों की विभिन्न जानकारियां प्राप्त कर जरूरी दिशा निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि यह सड़क अल्मोड़ा, बागेश्वर तथा पिथौरागढ़ के लिए बहुत महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए इस सड़क की महत्ता को ध्यान में रखते हुए कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। वाहनों का व्यवस्थित संचालन भी बना रहे तथा यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने नवनिर्मित क्वारब बाईपास मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग में चल रहे कार्यों तथा उनकी गुणवत्ता का अवलोकन किया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने इस संबंध में विभिन्न जानकारियां डीएम को प्रदान की।
डीएम सिंह ने कहा कि क्वारब के डेंजर जोन में आने वाली बाधाओं से बचने के लिए इस मार्ग का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग का लाभ यात्रियों को मिले, इसके लिए इसके संचालन की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूर्ण की जाए। उन्होंने अवशेष कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के साथ साथ इसके संचालन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
डीएम ने कहा कि पर्यटन की गतिविधियों के दृष्टिगत यह मार्ग बहुत महत्वपूर्ण है। इसलिए इसका संचालन जल्द से जल्द किया जाना अनिवार्य है। क्वारब के सुधारात्मक कार्यों को तेजी से करने के लिए भी इस मार्ग का संचालन जरूरी है, जिससे यात्रियों का निर्बाध आवागमन भी बना रह तथा क्वारब के सुधारात्मक कार्य भी चलते रहें।
इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल, तहसीलदार ज्योति धपवाल सहित राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News