Breaking News
Oplus_131072

मंत्री रेखा आर्य का पलटवार, हरीश रावत पर आरोपों की बौछार, बोलीं- हरीश रावत पहले अपने परिवार की संपत्ति का हिसाब दें; पढ़ें पूरी खबर

-मंत्री ने कहा, बेटी का दर्द नहीं सिर्फ 210 करोड़ दिखे’, पूर्व सीएम हरीश रावत को बताया कुर्सी का लालची
-स्टिंग वीडियो, डेनिस प्रकरण और 2016 के सियासी घटनाक्रम पर भी साधा निशाना

 

 

देहरादून: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बीच 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। यह राजनीतिक बहस अब व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गई है। हरीश रावत की ओर से 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने उन पर पलटवार किया है।

 

मंत्री रेखा आर्य ने पोस्ट में कहा कि, आपने बेटी का दर्द नहीं, सिर्फ 210 करोड़ पर ध्यान दिया। उम्मीद थी कि पहाड़ की बेटी की पीड़ा को समझते हुए हरीश रावत उनका साथ देंगे, लेकिन उन्होंने उनकी बात को समझने के बजाय संपत्ति के मुद्दे को तूल दिया। मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि रावत को इस उम्र में भी मुख्यमंत्री की कुर्सी की चिंता सताती रहती है और चुनाव की चर्चा होते ही उनकी राजनीतिक सक्रियता बढ़ जाती है।

 

मंत्री ने हरीश रावत के परिवार को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जब हरीश रावत दूसरों की संपत्ति और कमाई के स्रोत पर सवाल उठा रहे हैं तो उन्हें पहले अपने पूरे परिवार की संपत्तियों और आय के स्रोत का विवरण सामने रखना चाहिए। पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘भ्रष्टाचार और करोड़ों की कमाई कहां से आई, पूछने से पहले अपने पूरे परिवार का विवरण लाइए कि कुल कितनी संपत्तियां हैं और उनके कमाई के साधन क्या हैं।’

 

रेखा आर्य ने हरीश रावत की ओर से परिवार के लिए इस्तेमाल किए गए ‘बबलियां’ शब्द पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि किसी के परिवार को इस तरह संबोधित करना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि यदि उनके परिवार की महिलाओं के लिए भी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया जाए तो रावत को कैसा लगेगा। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के पारिवारिक जीवन को लेकर भी व्यक्तिगत कटाक्ष किया।

 

रेखा आर्य ने वर्ष 2016 के राजनीतिक घटनाक्रम को याद करते हुए हरीश रावत पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने को लेकर हरीश रावत काफी परेशान रहते थे और करीब एक दर्जन विधायकों ने उनसे अलग होने का फैसला लिया था। उन्होंने कहा कि, वर्ष 2016 की वह टीस आपको आज भी परेशान करती है। लगभग एक दर्जन विधायकों ने सत्ता छोड़ दी थी, जिसके लिए नैतिक साहस की आवश्यकता होती है।

 

मंत्री ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हरीश रावत के कार्यकाल के बाद कांग्रेस महज 11 सीटों पर सिमट गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पूर्व मुख्यमंत्री ने कभी इस राजनीतिक नुकसान को लेकर आत्ममंथन किया है? उन्होंने यह भी तंज कसा कि कांग्रेस में उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं और पार्टी के भीतर उन्हें पहले जैसी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।

 

 

 

 

रेखा आर्य ने हरीश रावत के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान सामने आए स्टिंग वीडियो का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि एक वीडियो में उनके तत्कालीन सचिव की ओर से विभागीय नीति बदलने के लिए धनराशि और दिल्ली में लेनदेन की बात कही गई थी। दूसरे वीडियो का हवाला देते हुए उन्होंने विभागों की कथित नीलामी और मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने के लिए धनराशि देने से जुड़ी बातचीत का आरोप लगाया।

 

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, ‘आप कब से वीडियो देखकर नैतिकता की बातें करने लगे? अपने वीडियो भी देखा करिए। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सवाल उठा रहे हैं तो अपने कार्यकाल के दौरान सामने आए इन मामलों का भी जवाब देना चाहिए।’

डेनिस शराब प्रकरण को लेकर भी रेखा आर्य ने पूर्व मुख्यमंत्री को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उनके कार्यकाल के दौरान डेनिस शराब को लेकर जो विवाद सामने आया, उस पर भी उन्हें जवाब देना चाहिए। इसके अलावा नैनीसार भूमि विवाद का उल्लेख करते हुए मंत्री ने आरोप लगाया कि रावत सरकार के दौरान प्रदेश की जमीन से जुड़े फैसलों पर गंभीर सवाल उठे थे। उन्होंने कहा कि आज जब आप भ्रष्टाचार की बात करते हैं तो क्या नैनीसार की उस भूमि की याद नहीं आती, जिस पर आपके कार्यकाल में विवाद खड़ा हुआ था।

 

 

मंत्री ने आरोप लगाया कि रावत सरकार के दौरान उनके कुछ सहयोगियों की ओर से रामगंगा किनारे खनन के डंपरों को पुलिस कार्रवाई से बचाने के प्रयास किए जाते थे। इसके साथ ही उन्होंने विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर हरीश रावत की ओर से लगाए गए पुराने आरोपों पर भी सवाल उठाए।

 

रेखा आर्य ने कहा कि रावत को उन पूर्व विधायकों के आरोपों का भी जवाब देना चाहिए, जो कभी उनके करीबी रहे थे। उन्होंने दावा किया कि हरीश रावत बार-बार पुराने राजनीतिक मुद्दों को उठाते हैं, लेकिन अपने कार्यकाल से जुड़े सवालों पर चुप्पी साध लेते हैं।

 

‘सबूत दीजिए, जांच के लिए तैयार हूं’

रेखा आर्य ने कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई आरोप है तो उसके प्रमाण दिए जाने चाहिए और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने हरीश रावत को अपनी भाषा संयमित रखने की नसीहत देते हुए चेतावनी दी कि यदि इसी तरह व्यक्तिगत टिप्पणियां जारी रहीं तो वह उनके कार्यकाल से जुड़े अन्य मुद्दे भी सार्वजनिक करेंगी।

 

 

Check Also

Big news

विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 IAS और 20 PCS अफसरों के तबादले, जल्द बदलेंगे कई जिलों के DM और कप्तान

  देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बड़े स्तर पर तबादले किए गए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *