Breaking News

अल्मोड़ा: वरिष्ठ रंगकर्मी शिवचरण पांडेय के निधन पर विभिन्न संगठनों ने जताया शोक

अल्मोड़ा। वरिष्ठ रंगकर्मी व श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब के सचिव शिवचरण पांडेय  के निधन पर नगर में शोक की लहर है। मंगलवार को विभिन्न संगठनों ने उनके निधन पर शोक जताया और पुण्य आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

कांग्रेसजनों ने जताया शोक—

वरिष्ठ रंगकर्मी शिवचरण पांडे के निधन पर कांग्रेसजनों ने शोक जताया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पांडे अल्मोड़ा ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड में संस्कृति के ध्वज वाहक के रूप में जाने जाते थे। उनका निधन अपूर्णीय क्षति है। इस दौरान कांंग्रेस जिलाध्यक्ष पीताम्बर पाण्डे, विधायक मनोज तिवारी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला, महिला जिलाध्यक्ष लता तिवारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष शोभा जोशी, प्रदेश सचिव परितोष जोशी, गोपाल चौहान, राबिन भण्डारी, तारा चन्द्र जोशी, नूर खान, पंकज काण्डपाल,राधा बिष्ट, लीला जोशी, प्रीति बिष्ट, अरविंद रौतेला, सचिन आर्या, हेम तिवारी, राजीव कर्नाटक, दीपांशु पाण्डेय आदि ने शोक जताया।

 

शिवचरण पांडे का निधन सांस्कृतिक जगत की अपूर्णीय क्षति: उपपा

उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब के सचिव शिवचरण पांडे के निधन को कुमांऊनी, उत्तराखंडी संस्कृति की अपूर्णीय क्षति बताते हुए उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन पर जारी शोक संदेश में उपपा अध्यक्ष ने कहा कि शिवचरण पांडे की अगुवाई, मार्गदर्शन में हुक्का क्लब ने एक सांस्कृतिक संस्था के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उन्हें कुमाऊनी रामलीला में उनके अभिनव प्रयोगों एवं राग आधारित परंपरागत कुमाऊनी होलियों को जीवंत बनाए रखने के लिए भी याद किया जाएगा। तिवारी ने कहा कि श्री लक्ष्मी भंडार से प्रतिवर्ष निकलने वाली स्मारिका पुरवासी के संपादक के रूप में उन्होंने हमारी संस्कृति, परंपरा, इतिहास को सामने लाने का उल्लेखनीय कार्य भी किया है। जिसे जारी रखने की जरूरत होगी।

 

एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलपति ने जताया शोक—

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के कुलपति प्रो नरेंद्र सिंह भंडारी ने प्रख्यात संस्कृतिकर्मी शिवचरण पांडे के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि शिवचरण पांडे का संस्कृति के संरक्षण के लिए बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने एसएसजे परिसर द्वारा आयोजित किये गए सांस्कृतिक महोत्सवों में अतिथि रूप में आकर हमें गौरवान्वित किया है। उनके योगदानों को भुलाया नहीं जा सकता। विश्वविद्यालय परिवार उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है। हिंदी एवं पत्रकारिता और जनसंचार विभाग में आयोजित हुई शोक सभा में विभागाध्यक्ष प्रो जगत सिंह बिष्ट, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्रभारी डॉ ललित चन्द्र जोशी समेत शिक्षकों व कर्मचारियों ने शोक जताकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

संस्कृति के संरक्षण के लिए हमेशा याद रखे जाएंगे शिवचरण: कर्नाटक

पूर्व दर्ज़ा राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने वरिष्ठ रंगकर्मी शिवचरण पाण्डेय के निधन पर शोक जताया है। कनार्टक ने कहा कि शिवचरण पांडेय का निधन अल्मोड़ा नगर ही नहीं वरन पूरे उत्तराखण्ड सहित देश के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। कर्नाटक ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति को संजोने एवं संरक्षण के लिए उनके द्वारा किए गए अद्वितीय प्रयास हमेशा याद रखे जाएंगे। अल्मोड़ा की रामलीला की चौपाइयां और बैठकी होली के गीतों के माध्यम से वह हमारे आने वाली पीढ़ी के मन मस्तिष्क में हमेशा विद्यमान रहेंगे।

Check Also

Monsoon Marathon:: अल्मोड़ा में 28 को होगी ‘मानूसन मैराथन’, अल्मोड़ा समेत कई जिलों के धावक लेंगे हिस्सा, प्राइज मनी समेत जानें पूरी डिटेल्स

अल्मोड़ा: श्री यूथ क्लब धारानौला की ओर से सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में पहली बार ‘मानूसन …