Breaking News

अल्मोड़ा में महिला कल्याण संस्था इस दिन कराएगी सावन मेला, कुमाऊंनी दुल्हन सजाओ समेत कई प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

अल्मोड़ा। महिला कल्याण संस्था द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी सावन मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में कुमाऊंनी दुल्हन सजाओ, मेहंदी समेत कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिसमें अव्वल आने वाले प्रतिभागियों को संस्था पुरस्कृत करेगी।

सावन मेले की तैयारियों को लेकर महिला कल्याण संस्था द्वारा शुक्रवार को बैठक की गई। जिसमे तय किया गया कि सावल मेला आगामी 27 जुलाई को मां नंदा देवी परिसर में दोपहर 1 बजे से शुरू होगा। जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ स्टाल भी लगाए जाएंगे। इस मेले में इस बार कुमाऊंनी दुल्हन सजाओं प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।

इन प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन- 

1. कुमाऊंनी दुल्हन सजाओ प्रतियोगिता में कुमाऊंनी दुल्हन पूरे कुमाऊंनी परिधान में सजी हुई होनी चाहिए तथा उसे कुमाऊंनी गाने में नृत्य भी करना होगा। साथ ही गाना कुमाऊंनी होना चाहिए। प्रतिभागी नृत्य के लिए गाना वह स्वयं की रूचि के अनुसार तय कर तैयारी करके आ सकती है। इस प्रतियोगिता के अंदर केवल दुल्हन की सुंदरता ही नहीं देखी जाएगी बल्कि उसे कुमाऊंनी रीति .रिवाज, परंपरा, संस्कृति आदि के कितनी जानकारी है यह भी परखा जाएगा।

2. मेले में मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। जिसमें मेहंदी संस्था के द्वारा प्रतिभागियों को दी जाएगी।

3. कुमाऊंनी व्यंजन बनाओ प्रतियोगिता में प्रतिभागी को स्वादिष्ट व्यंजन घर से तैयार कर लाने होंगे। वहां पर उसे सजा कर प्रस्तुत करना होगा।

4. सेली सजाओ प्रतियोगिता संस्था के द्वारा आयोजित की जा रही है। प्रत्येक प्रतिभागी वहीं पर बैठकर सुंदर व सजी हुई सेली तैयार कर प्रस्तुत करेंगे।

5. अल्पना प्रतियोगिता का आयोजन भी संस्था के द्वारा किया जा रहा है। जिसमें कपड़ा व पेंट प्रतिभागियों को संस्था के द्वारा दिया जाएगा। ब्रश प्रतिभागियों को स्वयं घर से लाने होंगे।

मेले के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर मुहिम

महिला कल्याण संस्था द्वारा मेले के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए एक पहल शुरू करने जा रही है। संस्था द्वारा इस वर्ष महिलाओं को विभिन्न प्रकार के पौधे वितरित किए जाएंगे। जिसमें फल के अतिरिक्त और भी अन्य पौधें होंगें। जिन्हें महिलाएं अपने घर या आसपास कहीं भी सुरक्षित स्थान पर लगाएंगी और पूरे वर्ष भर अच्छी प्रकार से उसकी देखभाल करेंगी। अगले साल सावन मेले के दौरान महिला संस्था के सदस्य प्रत्येक पौधे का निरीक्षण करेंगी। जिस महिला का पौधा भलीभाँति फलीभूत होकर विकसित हुआ होगा उसे संस्था के द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल द्वारा की गई। संचालन उपाध्यक्ष मीता उपाध्याय व सचिव पुष्पा सती द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान रीता जोशी, मंजू जोशी, चंद्रा अग्रवाल, राधिका जोशी, सुनैना मेहरा, दीपा सतीश जोशी, ममता चौहान, रेखा चौहान, दीपा जोशी, सरला बिष्ट, अनिता रावत, गीता शाह, आशा कर्नाटक, आशा पंत, आदिति अग्रवाल, अनुराधा अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

Check Also

Doctor

काम की खबर:: मनकोटी मेडिकेयर में 24 को आयोजित होगा निशुल्क हृदय एवं न्यूरो रोग परामर्श शिविर, ये विशेषज्ञ रहेंगे मौजूद

अल्मोड़ा। शहर के लिंक रोड टैक्सी स्टैंड के पास मनकोटी मेडिकेयर में आगामी 24 अक्टूबर …